मेजा थाना क्षेत्र के मदरहा गांव के सामने मंगलवार दोपहर दो दो बाइको की भिड़ंत में पीडब्ल्यूडी कर्मी को मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों घायलों का एसआरएन अस्पताल में इलाज चल रहा है। उधर पीडब्ल्यूडी कर्मी के मौत की खबर परिजनों को मिलते ही परिवार में चीख पुकार मच गई।
मेजा के जागेपुर गांव निवासी रमेश पांडेय (46) पीडब्ल्यूडी में मेठ का काम करते थे। मंगलवार को वह कोहड़ार घाट की तरफ से साइड पर से अपने साथी बकचुंदा निवासी लवकुश कुमार श्रीवास्तव के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। दोनों मदरहा गांव के सामने पहुंचे ही थे कि तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार अपाचे बाइक सवार दो युवक पीडब्ल्यूडी कर्मी के बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतना जोरदार था कि दोनों बाइक पर सवार चारों लोग दूर जा गिरे। हादसे में पीडब्ल्यूडी कर्मचारी रमेश पांडेय, साथी लवकुश और एक विपक्षी बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अपाचे बाइक पर सवार एक युवक बच गया। हादसे के बाद राहगीरों की मदद से सभी को मेजा सीएचसी ले जाया गया।
टक्कर मारने वाले अपाचे सवार एक युवक प्राथमिक उपचार के बाद मेजा पुलिस अपने साथ थाने ले गई, जबकि तीन की हालत गंभीर होते देख, उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने रमेश पांडेय को मृत घोषित कर दिया। अभी लवकुश और विपक्षी बाइक सवार की गंभीर अवस्था में इलाज चल रहा है। रमेश के परिवार में पत्नी ललिता पांडेय के अलावा एक बेटी और एक बेटा है। बेटा देवेश लखनऊ में इंजीनियर है। वहीं पीडब्ल्यूडी कर्मी के मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई।