Pumping stations of Allapur closed
बंद किए गए अल्लापुर के स्लूज गेट
एलर्ट पर जलकलकर्मी, बारिश होने पर अब पंपिंग स्टेशन ही सहारा
प्रयागराज। गंगा के जलस्तर में लगातार बढ़ोत्तरी के चलते शनिवार शाम अचानक से अल्लापुर स्थित दोनों स्लूज गेट बंद कर देने पड़े। जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी को देखते हुए बलुआघाट एवं कीडगंज स्थित स्लूज गेट के भी कल तक बंद हो जाने की उम्मीद है। स्लूज गेट बंद हो जाने के बाद जलकल प्रशासन को पंपिंग स्टेशन दुरूस्त रखने का अल्टीमेटम दिया गया है।
यमुना की सहायक नदियों में पानी का स्तर बढ़ने से प्रयागराज में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ता जा रहा है। शनिवार सुबह आठ बजे फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 78.81 मीटर था जबकि दस घंटे बाद शाम छह बजे तक यहां जलस्तर बढ़कर 79.57 मीटर हो गया। करीब 80 सेमी की तेज बढ़ोत्तरी देखते हुए शाम को आनन-फानन में स्लूज गेट बंद करने का फैसला लिया गया। जल निगम एवं सिंचाईकर्मियों ने शाम करीब छह बजे बक्शी बांध के पास एसटीपी के पूर्वी दिशा स्थित स्लूज गेट एवं पंपिंग स्टेशन के पास स्थित स्लूज गेट बंद कर दिया। यमुना में भी बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बलुआघाट स्थित चाचर नाला एवं चौखंडी स्थित गेट भी रविवार को बंद कर दिए जाने की उम्मीद है। स्लूज गेट बंद हो जाने के बाद अब बारिश होने पर शहर से पानी सिर्फ पंपिंग स्टेशन के जरिए ही निकाला जा सकेगा। ऐसी दशा में अगर कई घंटे जोरदार बारिश हुई तब पंपिंग स्टेशन एवं नाला सफाई का हाल देखते हुए मोहल्लों में जलभराव होना तय दिखता है। उधर, जलकल महाप्रबंधक रतनलाल का कहना है स्लूज गेट बंद होने के बाद पंपिंग स्टेशनों को चालू हाल में रखने के लिए कहा गया है।