प्रोफेसर राजेंद्र सिंह रज्जू भइया राज्य विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र के व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा (सीईटी-2026) की तिथियों में संशोधन किया है। अब अभ्यर्थी 13 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। वहीं, प्रवेश परीक्षा 19 जुलाई को और सफल अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग 25 जुलाई को होगी।
कुलसचिव विनीता यादव की ओर से जारी आदेश के मुताबिक पहले आवेदन की अंतिम तिथि 25 जून व प्रवेश परीक्षा पांच जुलाई निर्धारित थी। छात्रों की सुविधा और व्यापक हित को देखते हुए दोनों तिथियों को आगे बढ़ाया गया है। वहीं, गैर-व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून से बढ़ाकर 15 जुलाई कर दी है। मेरिट के आधार पर प्रवेश के लिए काउंसलिंग 20 जुलाई को होगी।
कुलसचिव विनीता यादव की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह निर्णय अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लिया गया है। विस्तारित तिथि केवल विवि परिसर में संचालित गैर-व्यावसायिक पाठ्यक्रमों पर लागू होगी जबकि व्यावसायिक पाठ्यक्रम इससे अलग रहेंगे। काउंसलिंग से संबंधित कार्यक्रम और आवश्यक दिशा-निर्देश विवि की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।