मथुरा-काशी की मुक्ति के लिए 15 अक्तूबर को वृंदावन में होने वाली अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अहम बैठक सोमवार को स्थगित कर दी गई। जूना अखाड़े के पीठाधीश्वर मुक्तानंद गिरि के ब्रह्मलीन होने की वजह से परिषद की ओर से प्रस्तावित यह बैठक टालनी पड़ी है। इस बैठक में काशी और मथुरा की मुक्ति के प्रस्ताव पर चर्चा के अलावा हरिद्वार महाकुंभ की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया जाना था।
कृष्ण जन्मभूमि मथुरा की मुक्ति के लिए आंदोलन शुरू करने के लिए बुलाई गई अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद की बैठक स्थगित होने के बाद अभी नई तिथि तय नहीं हो सकी है। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि ने देर शाम अमर उजाला को बताया कि जूना अखाड़े के पीठाधीश्वर मुक्तानंद गिरि के ब्रह्मलीन होने की वजह से यह बैठक स्थगित की गई है। अब अखाड़े से जुड़े शीर्ष पदाधिकारी व प्रमुख संत महंत मुक्तानंद गिरि के समाधि संस्कार में हिस्सा लेने के लिए गुजरात जाएंगे।
उन्होंने बताया कि परिषद की अगली बैठक वृंदावन में ही होगी। इसकी तिथि जल्द ही तय की जाएगी, ताकि मथुरा और काशी की मुक्ति के आंदोलन की रणनीति तय की जा सके। उल्लेखनीय है कि परिषद ने विहिप व अन्य हिंदू संगठनों के साथ मिलकर कृष्ण जन्मभूमि के लिए शांतिपूर्ण ढंग से जन जागरण शुरू करने का एलान किया था। वृंदावन में प्रस्तावित परिषद की बैठक में सभी 13 अखाड़ों के प्रतिनिधियों को शामिल होना था। इस बैठक में कृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर आंदोलन की रूपरेखा तय करने के साथ ही श्रीकृष्ण जन्म स्थान मामले में दायर याचिका में पक्षकार बनने पर भी विचार किया जाना था।