नोएडा के निकट बनाए गए जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का लोकार्पण अगले माह होने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट के लोकार्पण के साथ ही वहां से प्रयागराज के लिए भी सीधी फ्लाइट शुरू हो सकती है। जेवर से प्रयागराज के बीच सीधी फ्लाइट शुरू करने का प्रस्ताव प्रयागराज एयरपोर्ट सलाहकार समिति के चेयरमैन एवं सांसद फूलपुर प्रवीण पटेल ने भेजा है।
दरअसल पिछले माह ही जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट संचालन की ओर एक कदम और आगे बढ़ चुका है। तीन दिन पूर्व ही एयरपोर्ट पर पहली कैलिब्रेशन फ्लाइट सफलतापूर्वक लैंड हुई। यह वही टेस्ट फ्लाइट होती है, जो जांचती है कि एयरपोर्ट के सारे टेक्निकल सिस्टम, रनवे और सुरक्षा व्यवस्थाएं अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं। जांच पूरी होने के बाद एयरपोर्ट को ऑपरेटिंग लाइसेंस जारी किया जाएगा। हर नए एयरपोर्ट पर विमान संचालन शुरू होने के पूर्व यह प्रक्रिया अपनाई जाती है। उम्मीद है अगले माह के प्रथम सप्ताह में एयरपोर्ट का उद्घाटन हो जाएगा। प्रथम चरण में यहां से प्रयागराज के लिए भी सीधी फ्लाइट शुरू हो सकती है।
सांसद प्रवीण पटेल ने बताया कि दिल्ली का इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट काफी व्यस्त है। इस वजह से प्रयागराज एयरपोर्ट सलाहकार समिति की ओर से पहले गाजियाबाद के हिंडन के लिए सीधी फ्लाइट के संचालन का प्रस्ताव भेजा गया था। हालांकि, वहां ट्रैफिक लोड अधिक होने से अब जेवर एयरपोर्ट से प्रयागराज के लिए सीधी विमान सेवा का प्रस्ताव भेजा गया है। पटेल ने कहा कि वह इस संबंध में केंद्रीय उड्डयन मंत्री से भी मुलाकात करेंगे। सांसद के अनुसार प्रयागराज एयरपोर्ट की यात्री क्षमता पहले के मुकाबले काफी बढ़ गई है। यहां से पुणे, अहमदाबाद, इंदौर, रायपुर, नागपुर, कोलकाता आदि शहरों के लिए भी सीधी फ्लाइट शुरू होनी चाहिए।