प्रॉपर्टी डीलर इरफान। फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला।
करेली के गौसनगर स्थित बिस्मिल्लाह चौराहा के पास प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद इरफान की हत्या में कई और अहम खुलासे हुए हैं। पता चला है कि आरोपियों ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर करेली जफीर की पुलिया के पास अपने मोबाइल फोन स्विच ऑफ किया था। पुलिस ने सभी आरोपियों के मोबाइल नंबरों की कॉल रिकॉर्ड डिटेल (सीडीआर) निकाल ली है। इनमें तीन नंबर ऐसे हैं, जिनसे आरोपियों से संपर्क किया गया था। पुलिस अब इन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उनसे आसिफ दुर्रानी, व उसके भाई रासिद दुर्रानी और दिलशाद उर्फ साफान के ठिकानों के बारे में पूछताछ कर रही है। इरफान के बेटे ने आशंका जताई है कि आसिफ के प्रयागराज के अलावा मेरठ, दिल्ली, मुंबई, राजस्थान समेत अन्य राज्यों में ठिकाने हैं। शक जताया है कि आरोपी मुंबई फरार हो सकते हैं।
आसिफ समेत अन्य पर इनाम घोषित करने की तैयारी
पुलिस आसिफ दुर्रानी व उसके भाई राशिद और दिलशाद उर्फ साफान पर इनाम घोषित करने की योजना तैयार कर रही है। डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि पांच टीम गिरफ्तारी के लिए लगी हैं।
बदमाशों के साथ बाइक पर था आरोपी वसीम
करेली पुलिस ने मामले में शुक्रवार को एनुद्दीनपुर निवासी आरोपी हुसैन उर्फ प्लंबर और जफीर की पुलिया निवासी मोहम्मद वसीम उर्फ कबूतर गिरफ्तार किया था। जांच में पता चला कि वसीम घटना के दौरान मुख्य हमलावरों के साथ बाइक पर सवार था।
परिजनों को सता रहा डर
इरफान के बेटे मोहम्मद आमिर ने बताया कि उनको डर सता रहा है कि कहीं परिवार के अन्य सदस्यों की हत्या न हो जाए। इसे लेकर पुलिस से गुहार भी लगाई गई है।