इलाहाबाद (ब्यूरो)। यूइंग क्रिश्चियन कालेज (ईसीसी) में दूसरे चरण में शनिवार को छात्रसंघ के पदाधिकारियों के लिए मतदान होगा। इससे पहले शुक्रवार को आयोजित दक्षता भाषण में प्रत्याशियों ने मतदाताओं को लुभाया। मतदान में पहले चरण में चुने गए कक्षा प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी कर रही मात्र एक छात्रा नेहारानी यादव ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव में छात्राओं की सक्रिय भागीदारी की वकालत की। इसी पद पर दावेदार सौरभ त्रिपाठी ने वादा किया कि कालेज की गरिमा वापस लाने के लिए वह हर संभव प्रयास करेंगे। इस पद के एक अन्य प्रत्याशी धर्मेंद्र शुक्ल ने समस्याओं के निदान के लिए सामूहिक प्रयास की बात कही।
दक्षता भाषण में उपाध्यक्ष, महामंत्री, संयुक्त मंत्री के प्रत्याशियाें ने भी हिस्सा लिया और पानी, लाइब्रेरी, सफाई आदि मुद्दे उठाए। इससे पहले उप प्राचार्य डॉ.ललित इसुवियस ने छात्रसंघ के महत्व पर प्रकाश डाला। चुनाव अधिकारी डॉ.अनिल सिंह ने सभी का स्वागत किया। इस दौरान उप चुनाव अधिकारी डॉ.उमेश प्रताप सिंह, डॉ.राजेश कुमार गर्ग, डॉ.प्रदीप प्रिया, चीफ प्रॉक्टर डॉ.संजय कुमार शुक्ला आदि मौजूद रहे।