कुंभनगरी का सिरमौर इलाहाबाद हाईकोर्ट रविवार को एक और ऐतिहासिक पल का साक्षी बनेगा। इलाहाबाद हाईकोर्ट के 150वें स्थापना दिवस समारोह के तहत जहां इसकी गौरवशाली परंपरा रेखांकित की जाएगी, वहीं समारोह को यादगार बनाने के लिए सिक्का और डाक टिकट भी जारी किए जाएंगे। हाईकोर्ट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह का उद्घाटन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी करेंगे जबकि भारत के मुख्य न्यायाधीश टीएस ठाकुर विशिष्ट अतिथि होंगे। सर्वोच्च न्यायालय के नौ न्यायमूर्तियों के अतिरिक्त कई उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीश, राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, केंद्रीय कानून मंत्री सदानंद गौड़ा सहित अनेक विशिष्टजन शामिल होंगे।
समारोह के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एक दिन पहले शनिवार को ही पूरा हाईकोर्ट क्षेत्र सेना और एनएसजी के हवाले किया गया। कई जिलों की पुलिस और एलआईयू भी सुरक्षा में तैनात है। समारोह के लिए चुनिंदा लोगों को पास जारी किए गए हैं। बिना पास किसी का भी प्रवेश संभव नहीं होगा। हाईकोर्ट के क्रिकेट मैदान पर लगाया गया विशेष पंडाल पूरी तरह से वातानुकूलित, फायर प्रूफ और वाटर प्रूफ है। इसमें 2500 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
मुख्य समारोह दोपहर सवा बारह बजे आरंभ होगा। न्यायमूर्तिगण राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे। इस दौरान राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी हाईकोर्ट के चित्र वाला दस रुपये का सिक्का और दो डाक टिकट भी जारी करेंगे। सवा घंटे के मुख्य समारोह के बाद मुख्य न्यायाधीश टीएस ठाकुर मार्बल हाल में महात्मा गांधी की प्रतिमा और हाईकोर्ट के संग्रहालय के नवीनीकृत हॉल का भी उद्घाटन करेंगे। उनका एक संक्षिप्त संबोधन भी होगा। रविवार की शाम साढ़े छह बजे सांस्कृतिक समारोह में विविथतापूर्ण प्रस्तुतियां होंगी।