Professional education is big challenge before university in present scenario: Guv
- फोटो : CITY DESK
मुक्त विवि के दीक्षांत समारोह में बोलीं राज्यपाल आनंदी बेन
14 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल, 27 हजार को मिली उपाधि
प्रयागराज। विश्वविद्यालयों में रोजगारपरक और मूल्य आधारित शिक्षा बड़ी चुनौती साबित हो रही है। हमें ऐसे पाठ्यक्रम शुरू करने की जरूरत है, जो रोजगार में सहायक हों। उप्र राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय ने योग एवं अन्य रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को शुरू किया है। ऐसे पाठ्यक्रम लोगों के बीच प्रचलित हो रहे हैं।
अन्य विश्वविद्यालयों को भी इस दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत है। यह बात उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने शुक्रवार को आयोजित उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में कही। वहीं समारोह में 14 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल और 27 हजार को उपाधि प्रदान की गई।
राज्यपाल ने इस बात पर खुशी जताई कि मुविवि अगले सत्र से केंद्र सरकार की योजनाओं को अपने पाठ्यक्रम में शामिल करने जा रहा है। कहा कि इससे योजनाओं का प्रचार-प्रसार होगा और लोगों को भी योजनाओं का सही लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने समारोह में शामिल स्कूली बच्चों को फल एवं पुस्तक प्रदान करने के साथ स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सम्मानित किया। राज्यपाल बोलीं कि घर में पुरुष बीमार पड़ जाए तो सबका ध्यान उसी पर रहता है, लेकिन महिला बीमार हो जाए तो कोई उस पर ध्यान नहीं देता। जबकि, बीमारी में भी वह महिला अपने परिवार को भोजन कराने के बाद सबसे अंत में खाना खाती है। हमें सोचना चाहिए कि हम अपने घर में महिलाओं को कितना सम्मान करते हैं। सुधार अपने घर और आसपास के माहौल में करना होगा, समाज में खुद सुधार आ जाएगा।