यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों को मूल अंक पत्र समेत 13 समस्याओं के लिए क्षेत्रीय कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इसकी शिकायत ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए शनिवार को एजी ऑफिस रोड स्थित उप्र. माध्यमिक शिक्षा परिषद के कार्यालय में सचिव दिब्यकांत शुक्ल ने समाधान पोर्टल की शुरुआत की है। इस पर दर्ज शिकायतों का 15 दिन में निस्तारण करना अनिवार्य है। निस्तारण की प्रक्रिया पूरी होते ही छात्र का प्रपत्र स्पीड पोस्ट के माध्यम से उसके पते पर भेज दिया जाएगा।
अगर किसी शिकायत का निस्तारण करने में 15 दिन से अधिक का समय लगता है तो संबंधित विभाग के अधिकारी पर इसकी जवाबदेही तय की जाएगी। निगरानी के लिए उप सचिव देव व्रत व अपर सचिव सत्येंद्र सिंह को नियुक्त किया गया है। सिस्टम सेल के प्रशासनिक अधिकारी हरीश चंद्र शर्मा प्रतिदिन पोर्टल की गतिविधि की जानकारी लेंगे, जिसकी रोज रिपोर्ट सचिव दिव्यकांत शुक्ल को दी जाएगी।
विज्ञापन
अभ्यर्थी शिकायत दर्ज करने के बाद पोर्टल पर उसकी वर्तमान जानकारी भी ले सकेंगे। इससे पहले यूपी बोर्ड एक पोर्टल के माध्यम से 60 हजार शिकायतों का निस्तारण कर चुका है। इनमें से कई मामले वर्ष 2000 के पहले से लंबित थे।
13 प्रकार की शिकायतों का निस्तारण
1-मूल प्रमाणपत्र जारी करना
2-प्रमाण पत्र की द्वितीय प्रतिलिपि जारी करना
3-मूल अंक पत्र जारी करना
4-अंक पत्र की द्वितीय प्रतिलिपि जारी करना
5-संशोधित अंक पत्र जारी करना
6-संशोधित प्रमाण पत्र जारी करना
7-निरस्त परीक्षाफल का निस्तारण करना
8-रोके गए परीक्षाफल का निराकरण करना
9-अपूर्ण व त्रुटिपूर्ण परीक्षाफल का संशोधन करना
10-बोर्ड की वेबसाइट पर वर्ष 2003 से वर्तमान वर्ष की परीक्षा से संबंधित डाटा अपडेट करना
11-माइग्रेशन प्रमाणपत्र जारी करना
12-विभिन्न संस्थाओं द्वारा प्रेषित अभिलेखों का सत्यापन
13-किसी भी प्रकार की शिकायत का निस्तारण
टोल फ्री नंबर
अभ्यर्थी अपनी शिकायतों पर चल रही कार्रवाई की जानकारी टोल फ्री नंबर 18001805310 व 18001805312 पर प्राप्त कर सकते हैं। अभ्यर्थियों की सहायता के लिए पोर्टल का बार कोड भी जारी किया गया है।