सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर करते छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल न हो पाने के कारण बेरोजगारी का दंश झेल रहे प्रतियोगी छात्र राजीव पटेल के आत्महत्या कर लेने से छात्रों में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। सोमवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने राजीव को न्याय दिलाने के लिए ट्वीट किया। अपने ट्वीट में उन्होंने संविदा भर्ती के प्रस्ताव को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। वहीं, एनएसयूआई के बैनर तले छात्रों ने बघाड़ा डेलीगेसी में कैंडल मार्च निकाला।
प्रियंका ने अपने ट्वीट में लिखा है, ‘इलाहाबाद के प्रतियोगी छात्र की आत्महत्या कान में रुई डाले बैठ यूपी सरकार के लिए एक चेतावनी है। नौकरियों पर लगे ग्रहण से युवा हताश हैं। उनकी आवाज सुनने के बजाय सरकार ने पांच साल संविदा का अपमानजनक फैसला थोप दिया। युवाओं, धैर्य रखिए, इस रोजगार विरोधी सरकार से हम लड़ेंगे।’
उधर, एनएसयूआई के बैनर तले बघाड़ा डेलीगेसी में छात्रों ने राजीव को न्याय दिलाने के लिए कैंडल मार्च निकाला। एनएसयूआई पूर्वी यूपी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पीसीएस परीक्षा में स्केलिंग लागू न होने और प्रदेश सरकार की रोजगार को लेकर गलत नीतियों के कारण छात्रों का मनोबल लगातार गिर रहा है और छात्र आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं। कैंडल मार्च में जितेश मिश्र, सत्यम कुशवाहा, प्रवीण यादव, अक्षय यादव, गौरव, कोमलाक्ष, अभिषेक द्विवेदी, नैनेश, अश्विनी यादव, आनंद मौर्य, दीपक पटेल आदि शामिल रहे।