इलाहाबाद। ब्रांडेड बिस्किट में प्लास्टिक मिले होने की शिकायत और बिस्किट खाकर एक वकील के बीमार पड़ने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शुक्रवार को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित प्रिया गोल्ड बिस्किट के मुख्य वितरक के यहां छापा मार दिया। छापेमारी के दौरान बैच नंबर में गड़बड़ी पाए जाने पर विभाग ने कंपनी को नोटिस जारी कर दिया और 174 पेटी बिस्किट सीज कर दिए। साथ ही अलग-अलग मामलों में मुख्य वितरक को भी तीन नोटिस जारी किए गए। बिस्किट के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला में भेज दिए गए हैं।
हाईकोर्ट के अधिवक्ता अरविंद सिंह ने विभाग में शिकायत की थी कि वह प्रिया गोल्ड बटर बाइट बिस्किट खाकर बीमार हो गए। बिस्किट में प्लास्टिक के टुकड़े मिले होने की शिकायत पर विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को बैरहना स्थित उस दुकान पर छापा मारा था, जहां से अरविंद ने बिस्किट खरीदे थे। शुक्रवार को विभाग की टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मुख्य वितरक प्रतीक इंटर प्राइजेज पर छापा मार दिया। अभिहित अधिकारी हरिमोहन श्रीवास्तव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सीएल यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेश राय और डॉ. तूलिका शर्मा की टीम ने जब वहां छापा मारा तो हड़कंप मच गया। जांच के दौरान पाया कि पेटी और उसमें रखे बिस्किट के पैकेट पर अंकित बैच नंबर में अंतर है।
नियम के उल्लंघन पर विभाग की ओर से कंपनी और मुख्य वितरक को नोटिस जारी कर दिया गया। साथ ही बिस्किट के नमूने लखनऊ स्थित विभागीय प्रयोगाशाला में भेज दिए गए। एक पेटी में 30 बिस्किट होते हैं। सीज किए गए बिस्किट की कीमत तकरीबन एक लाख रुपये बताई जा रही है। जिस गोदाम में बिस्किट के पैकेट रखे थे, वहां काफी गंदगी थी। मुख्य वितरक ने खाद्य लाइसेंस भी नहीं बनवाया था। इन दोनों मामलों में भी मुख्य वितरक को दो नोटिस और जारी किए गए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि कंपनी सहित मुख्य वितरक को कुल तीन नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अलावा टीम ने नैनी स्थित तिरुपति बेकरी पर छापा मारा। वहां से स्किम्ड मिल्क पाउडर, बिस्किट पाउडर एवं आरबीडी पाम ऑयल का एक-एक नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला में भेज दिया।