प्रयागराज। प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा डॉ रजनीश दुबे ने शनिवार को यूपीपीसीएल के मुख्य अभियंता(वितरण) कार्यालय भवन के निर्माण में खामी पर नाराजगी जताई। मौके पर काम अधूरा पाया गया। टाइल्स भी मानक के अनुरूप नहीं बिछी पाई गई। इसके अलावा सर्वाधिक लाइन लास वाले इलाकों में बिजली चोरी न रुक पाने की वजहों की भी उन्होंने जानकारी ली। बिजली विभाग के अफसरों को चेताया कि मनमानी और लापरवाही किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक के बाद प्रमुख सचिव पावर हाउस चौराहे के पास स्थित मुख्य अभियंता कार्यालय भवन के निरीक्षण के लिए पहुंचे। डीएम समेत अन्य अफसरों के साथ पहुंचे प्रमुख सचिव में हाल में ही टैगोर टाउन से शिफ्ट कराए गए मुख्य अभियंता कार्यालय भवन का निर्माण फिनिशिंग लेबल तक न पहुंचने पर उन्होंने नाराजगी जताई। काम तो अधूरा मिला ही कई जगह टाइल्स भी उखड़ी हुई पाई गई। मुख्य अभियंता ओपी यादव से जब उन्होंने काम कराने वाली संस्था के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि यूपीपीसीएल के निर्माण खंड(सिविल) की ओर से इसे बनाया गया है। इस पर उन्होंने संबंधित डिवीजन के अधिशासी अभियंता को तलब कर काम पूरा कराने का निर्देश दिया। प्रमुख सचिव में बिजली योजनाओं के क्रियान्वयन की भी प्रगति जानी। इस दौरान सर्वाधिक लाइन लॉस वाले करेलाबाग और मेजा डिवीजन के अधिशासी अभियंताओं को चेतावनी दी गई। मुख्य अभियंता को लाइन लॉस करने करने और बकाये की वसूली शत प्रतिशत कराने का निर्देश दिया।
सिविल डिवीजन के एक्सईएन को डीएम ने किया तलब
प्रयागराज। मुख्य अभियंता कार्यालय भवन के निर्माण में खामी को लेकर प्रमुख सचिव की नाराजगी के बाद डीएम भानुचंद्र गोस्वामी ने यूपीपीसीएल निर्माण खंड के एक्सईएन वेद प्रकाश कौशल को तलब कर लिया। कौशल वाराणसी में तैनात हैं। मुख्य अभियंता ओपी यादव ने बताया कि सोमवार को एक्सईएन भवन निर्माण संबंधी रिकार्ड लेकर डीएम के सामने प्रस्तुत होंगे।