इस मसले पर अभ्यर्थियों और आयोग के उप सचिव के बीच बुधवार को वार्ता बेनतीजा रही थी। वहीं, बृहस्पतिवार को अभ्यर्थियों और आयोग के बीच कोई वार्ता नहीं हो सकी। आयोग पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि बेसिक शिक्षा विभाग से रिक्त पदों का अधियाचन मिलने के बाद ही नई भर्ती का विज्ञापन जारी किया जा सकता है, लेकिन विभाग ने अब तक कोई अधियाचन नहीं भेजा है। हालांकि, अभ्यर्थियों के आंदोलन के बाद आयोग ने भी अपने स्तर से भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्णय लिया है। आयोग के सूत्रों के अनुसार जल्द बेसिक शिक्षा विभाग से अधियाचन मंगाने के लिए एक नया पत्र जारी किया जाएगा और शासन को भी स्थिति से अवगत कराया जाएगा। हालांकि, आयोग की ओर से अधियाचन के पूर्व में बेसिक शिक्षा विभाग को कई रिमाइंडर भेजे जा चुके हैं।
भीषण गर्मी में डटे रहे अभ्यर्थी, एक छात्र बेहोश
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के बाहर भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी दिनभर डटे रहे। प्राथमिक शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर नारेबाजी करते रहे। इस बीच अंबेडकरनगर के रहने वाले प्रतियोगी छात्र राहुल वर्मा गश खाकर गिर पड़े। छात्रों ने मुंह पर पानी की छींट मारी तो हालत कुछ सामान्य हुई। इसके बाद साथियों ने राहुल का प्राथमिक उपचार कराकर वापस घर भेज दिया।
भर्ती नहीं होनी थी तो क्यों किया आयोग का गठन
सात साल से प्राथमि शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों ने कहा कि ऐसे आयोग के गठन का क्या फायदा, जो दो साल में एक भी नई भर्ती शुरू नहीं करा सका। अभ्यर्थी यह मांग भी कर रहे हैं कि अधियाचन भेजने में विलंब कर रहे बेसिक शिक्षा विभाग के संबंधित अफसरों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।