नगर पंचायत सीमा क्षेत्र में गृहकर निर्धारण एवं वसूली व्यवस्था को पारदर्शी और डिजिटल बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर विकास विभाग के निर्देश पर नगर प्रशासन ने मकानों की गणना का कार्य शुरू कर दिया है। आगामी वित्तीय वर्ष से नगर क्षेत्र में स्वकर प्रणाली लागू करने की योजना है, जिसके तहत नागरिक घर बैठे ही ऑनलाइन माध्यम से अपना गृहकर जमा कर सकेंगे।
नगर पंचायत कर्मियों की टीमें डोर-टू-डोर जाकर सर्वे कार्य शुरू कर दिया है। इस दौरान मकानों की लंबाई-चौड़ाई, कमरों की कुल संख्या, निर्माण की श्रेणी तथा भवन के उपयोग की प्रकृति का ब्योरा लिया जा रहा है। सर्वे के आधार पर आवासीय और व्यावसायिक भवनों के लिए अलग-अलग कर दरें निर्धारित की जाएंगी। अधिकारियों के अनुसार स्वकर प्रणाली लागू होने से कर निर्धारण में मानवीय हस्तक्षेप और मनमाने रवैये पर रोक लगेगी। इस व्यवस्था के अंतर्गत भवन स्वामी अपने मकान अथवा व्यावसायिक प्रतिष्ठान का वार्षिक मूल्यांकन स्वयं कर सकेंगे। निर्धारित नियमों के आधार पर सीधे विभाग के पोर्टल पर टैक्स जमा कर पाएंगे।
नागरिकों को लाभ-
- विभाग या दफ्तरों के चक्कर लगाने व बिचौलियों से मुक्ति।
- ऑनलाइन पोर्टल के जरिए घर बैठे टैक्स गणना एवं भुगतान की सुविधा।
- समय पर टैक्स जमा करने पर नियमानुसार छूट का भी लाभ।
- गृहकर प्रणाली को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए वार्डवार सर्वे कराया जा रहा है। आगामी वित्तीय वर्ष से स्वकर प्रणाली लागू करने का लक्ष्य है, जिससे नागरिक घर बैठे ऑनलाइन टैक्स जमा कर सकेंगे। - पद्मजा मिश्रा, अधिशासी अधिकारी, लालगोपालगंज।