कोरोना काल में गर्त में जा चुके होटल व पेइंग गेस्ट कारोबार को एक बार फिर से पटरी पर लाने की पहल की गई है। केंद्र सरकार ने राज्यों के साथ मिलकर पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए सिस्टम फॉर असेसमेंट, अवेयरनेस एंड ट्रेनिंग फॉर हॉस्पिटलिटी इंडस्ट्री यानी ‘साथी’ नामक नई योजना शुरू की है। योजना के तहत प्रयागराज और उसके आसपास के जिलों में संचालित करीब डेढ़ सौ होटलों को पंजीकृत किया जा चुका है। अब उन्हें ऑनलाइन प्रशिक्षित कर कोविड के संभावित खतरे से मुक्त किया जाएगा जिससे ठहरने पर पर्यटकों के मन में कोविड के संक्रमित होने का कोई भय न हो।
कोरोना काल शुरू होते ही होटल पूरी तरह बंद हो गए। इनमें काम करने वाले अधिकांश लोग भी बेरोजगारी के शिकार हो गए। अब केंद्र सरकार ने राज्यों के साथ मिलकर होटल उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए ‘साथी’ योजना की शुरूआत की है। इसमें देश के साथ-साथ प्रयागराज मंडल के भी सभी होटलों, पेइंग गेस्ट हाउसों को एक पोर्टल पर लाया गया है।
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अपराजिता सिंह ने कहा कि प्रयागराज के आसपास से डेढ़ सौ होटलों, पेइंग गेस्ट हाउस को पंजीकृत किया गया है। इस योजना के माध्यम से अब इन होटलों को वेबिनार के जरिये कोविड के बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण देने के बाद उन्हें सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा और उनका नाम मानक होटलों की सूची में शामिल कर पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाएगा।
पर्यटन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के अब तक 350 होटलों को प्रशिक्षण देकर सर्टिफिकेट प्रदान किया जा चुका है। इनका नाम पोर्टल पर अपलोड भी कर दिए गए हैं। कोई भी पर्यटक चाहे तो इस पोर्टल पर जाकर कोविड से सुरक्षित होटल की सूची देख सकता है और अपनी जरूरत के मुताबिक होटल का चुनाव कर सकता है। उन्होंने कहा कि जिन होटलों, पेइंग गेस्ट हाउसों ने अभी तक इस योजना के तहत जुड़कर सर्टिफिकेट प्राप्त नहीं किए हैं। वे पर्यटन विभाग के अधिकारी मनीष श्रीवास्तव से 9616603455 पर संपर्क कर सकते हैं।