सपा नेता संदीप यादव को गुंडा एक्ट में निरुद्ध करने का नोटिस
अपर पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट की अदालत में वाद संख्या 567 के तहत संदीप यादव उर्फ सावन उर्फ मोर्चा को उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के अंतर्गत नोटिस भेजा गया है। नोटिस में आशंका जताई गई है कि माघ मेले के दौरान वे आम लोगों को उकसाकर माहौल खराब कर सकते हैं। साथ ही उन्हें अभ्यस्त अपराधी बताते हुए कहा गया है कि उनके विरुद्ध कोई भी गवाही देने का साहस नहीं करता।
वहीं, संदीप यादव ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि महाकुंभ के दौरान उनके संस्थान ने हजारों श्रद्धालुओं की सेवा की थी और उनका उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेला प्रशासन जानबूझकर उन्हें परेशान कर रहा है। अपर मेलाधिकारी दयानंद प्रसाद ने स्पष्ट किया है कि संस्था से नोटिस का जवाब मांगा गया है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर भूखंड का आवंटन निरस्त कर दिया जाएगा।
अखिलेश ने ट्वीट कर जताई नाराजगी
अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट करके लिखा कि- नेता जी की मूर्ति स्थापना के लिए जब पिछले वर्ष महाकुंभ में स्थान दिया गया था तो इस वर्ष माघ मेले में सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं? नियमों का भ्रामक हवाला देने वाले बताएं कि सत्ता के अहंकार की आग पर चढ़े दंभ के तवे पर चापलूसी की रोटी सेंकना किस नियम में लिखा है। पीडीए समाज इससे आहत हुआ है।