आगामी माघ मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा के लिए रेलवे ने महाकुंभ की तर्ज पर खास तैयारी की है। शहर के सभी नौ रेलवे स्टेशनों से दिशावार विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी और भीड़ प्रबंधन के लिए कलर कोडिंग व्यवस्था लागू होगी। प्रयागराज जंक्शन की ही बात करें तो लखनऊ-वाराणसी जाने वाले यात्री लाल, मिर्जापुर-पीडीडीयू वाले नीले, मानिकपुर-सतना वाले पीले और कानपुर-फतेहपुर की ओर जाने वाले यात्री हरे रंग के निर्धारित आश्रय स्थलों में रुकेंगे।
मुख्य स्नान पर्वों पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए वन-वे (एक तरफ से प्रवेश और दूसरी तरफ से निकास) व्यवस्था रहेगी। प्रयागराज जंक्शन पर केवल लीडर रोड (सिटी साइड) स्थित प्रवेश द्वार से ही एंट्री मिलेगी, यहीं मेला कंट्रोल रूम भी बनेगा, जबकि आरक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए सफेद रंग का प्रवेश द्वार तय किया गया है। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयाग व जंक्शन से अयोध्या, वाराणसी, चित्रकूट और झांसी के लिए रिंग रेल भी चलाई जाएगी। डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने बताया कि मेले में महाकुंभ के सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल सख्ती से अपनाए जाएंगे।