प्रयागराज। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों की अंतिम सूची 10 दिसंबर तक जारी होगी। इसके लिए बोर्ड की तरफ से लगातार सभी जिलों को निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि निर्धारित समय में परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी हो सके। जिलों में भी परीक्षा केंद्रों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों के निर्धारण को 30 नवंबर तक का समय निर्धारित किया गया था। केंद्रों के निर्धारण में किसी भी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए बोर्ड सचिव दिब्यकांत शुक्ल ने सभी जिलों के डीआईओएस को स्वयं जाकर भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया था। उसके बाद भी कई जिलों में भौतिक सत्यापन में देरी के कारण निर्धारित समय तक अंतिम सूची जारी नहीं हो सकी।
हालांकि, बोर्ड सचिव ने संभावित केंद्रों की सूची जारी कर दी थी। इसके अंतर्गत 2024 बोर्ड परीक्षा के लिए प्रदेश में कुल 7864 केंद्र शामिल किए गए हैं। इन केंद्रों में किसी भी प्रकार की आपत्तियां आने के बाद उनका निस्तारण करके जिला समिति की ओर से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिलों के परीक्षा केंद्रों की सूची को अंतिम रूप देकर 10 दिसंबर तक उसे बोर्ड को भेजना होगा।
उधर, सचिव यूपी बोर्ड ने बताया कि शासन की तरफ से निर्धारित दस दिसंबर तक सभी जिलों को अपने यहां के परीक्षा केंद्रों की सूची को अंतिम रूप देकर बोर्ड को उपलब्ध कराना है। जिलों को इसके लिए लगातार रिमाइंडर भेजा जा रहा है, ताकि निर्धारित समय तक केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जा सके। यूपी बोर्ड परीक्षा में इस बार 55 लाख से अधिक परीक्षार्थी दसवीं और बारहवीं की परीक्षा में शामिल होंगे।
दो चरणों में होगी प्रयोगात्मक परीक्षाएं
यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं दो चरणों में आयोजित की जाएंगी। इसके लिए बोर्ड की तरफ से परीक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पहला चरण 25 जनवरी से शुरू होगा। इसमें आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, फैजाबाद, आजमगढ़, देवीपाटन और बस्ती शामिल हैं। दूसरे चरण में नौ फरवरी से अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबार, कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, गोरखपुर में प्रयोगात्मक परीक्षाएं आयोजित की जानी हैं।