कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष के लिए प्रत्यक्ष मतदान की तैयारी
0 अभी पार्षद अपने बीच से करते हैं चुनाव, होगा बड़ा बदलाव
0 कैंट बोर्ड की बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर लिया गया निर्णय
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। कैंटोनमेंट बोर्ड का अगला चुनाव रोचक होने जा रहा है। बोर्ड उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए प्रत्यक्ष मतदान की तैयारी है। विशेषज्ञों की कमेटी ने इसके लिए सिफारिश की है। सोमवार को हुई कैंट बोर्ड की बैठक में इस मसले पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण मसलों पर विचार-विमर्श हुआ और निर्णय लिए गए।
कैंट बोर्ड में सात पार्षद हैं और वे अपने बीच से ही बोर्ड के उपाध्यक्ष का चुनाव करते हैं लेकिन अब उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए प्रत्यक्ष मतदान कराने की तैयारी है और इसका खाका भी तैयार हो चुका है। इस बड़े बदलाव को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद सीधे जनता बोर्ड के उपाध्यक्ष को चुनेगी। विशेषज्ञों की कमेटी ने इस बाबत सिफारिश की है। सोमवार को हुई बोर्ड की बैठक में इस मसले पर लंबी चर्चा हुई। अगर कोई बड़ी अड़चन नहीं आईं तो बोर्ड का अगला उपाध्यक्ष सीधे कैंट क्षेत्र की जनता चुनेगी।
इसके अलावा लीज नवीनीकरण के कुछ मामलों पर भी चर्चा हुई और प्रस्ताव पारित किए गए। वहीं, एक अन्य महत्वपूर्ण मसले पर कैंट क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत दी गई। रक्षा मंत्रालय की ओर से एक पत्र जारी किया गया है कि कैंट क्षेत्र में अगर कोई व्यक्ति अपने मकान की मरम्मत कराना चाहता है तो बोर्ड से इजाजत लेकर काम करा सकता है। पूर्व में मरम्मत कार्य कराने में कई तरह की बाधाएं आती थीं। इस पर भी चर्चा हुई और कहा गया कि अगर कोई व्यक्ति अपने मकान में मरम्मत कार्य कराना चाहता है तो बोर्ड के समक्ष आवेदन देकर अनुमति ले सकता है। इसके अलावा कैंट क्षेत्र में होने वाले डॉग शो के आयोजन की मंजूरी का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
00
तीन जगह वेंडिंग जोन बनाने की तैयारी
- बोर्ड की बैठक के दौरान कैंट क्षेत्र के तहत तीन स्थानों पर वेंडिंग जोन बनाए जाने पर चर्चा की गई। आरए बाजार, सदर बाजार और फोर्ड कैंट क्षेत्र में वेडिंग जोन बनाए जाएंगे।