प्रयागराज को एक और वंदे भारत की सौगात मिलेगी। इसका संचालन वाराणसी से रायपुर के बीच वाया प्रयागराज जंक्शन होगा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर ने इसका प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेज दिया है। यह देश की दूसरी सबसे लंबी दूरी वाली वंदे भारत होगी जो 835 किमी का सफर तय करेगी।
देश में सबसे लंबी दूरी की वंदे भारत पुणे से नागपुर के बीच चल रही है। 881 किलोमीटर का सफर यह 12 घंटे में तय करती है। फिलहाल, वाराणसी-रायपुर वंदे भारत का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। प्रयागराज जंक्शन होते हुए इसका संचालन होगा। वर्तमान में रायपुर से वाराणसी के लिए प्रयागराज के रास्ते तीन ट्रेनें संचालित हो रही हैं। इसमें छपरा-दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस, नौतनवा-दुर्ग एवं गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस संचालित हैं। इन तीनों में सारनाथ, गोंदिया-बरौनी रोज व नौतनवा-दुर्ग का संचालन सप्ताह में दो दिन हो रहा है।
ये तकरीबन 19 घंटे में यह दूरी तय करती हैं जबकि रायपुर से प्रयागराज तक का सफर 15 से 16 घंटे में हो जाता है। वंदे भारत का संचालन शुरू होने पर प्रयागराज से रायपुर का सफर 11:30 से 12 घंटे तो वाराणसी का 13:30 से 14 घंटे में पूरा हो जाएगा। रायपुर से वंदे भारत को सुबह छह बजे चलाने की योजना है जो रात आठ बजे तक वाराणसी पहुंच जाएगी। वाराणसी से भी इस ट्रेन को सुबह छह बजे चलाने का प्रस्ताव है। सुबह 7:30 बजे प्रयागराज व रात आठ बजे के आसपास ट्रेन रायपुर पहुंच जाएगी।