फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj Weather : झमाझम बारिश से शहर के कई इलाके दरिया में तब्दील, प्रयागराज जंक्शन के बाहर भरा पानी

Wed, 09 Jul 2025 07:57 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

संगमनगरी प्रयागराज में बुधवार सुबह दो घंटे की झमाझम बारिश ने शहर के कई इलाके को दरिया में तब्दील कर दिया। प्रयागराज जंक्शन के बाहर समेत कई इलाके जलमग्न हो गए।
विज्ञापन
1 of 5
प्रयागराज जंक्शन के बाहर बारिश के बाद का नजारा। - फोटो : अमर उजाला।
संगमनगरी प्रयागराज में बुधवार सुबह दो घंटे की झमाझम बारिश ने शहर के कई इलाके को दरिया में तब्दील कर दिया। प्रयागराज जंक्शन के बाहर समेत कई इलाके जलमग्न हो गए। सिविल लाइंस को पुराने शहर से जोड़ने वाले निरंजन डॉट पुलि और रामबाग पुल के बाहर पानी भर गया। इससे आवागमन भी प्रभावित हुआ। लोग कमर के बराबर पानी में आते जाते दिखे। यह स्थिति लगभग हर बरसात में होती है। महाकुंभ में करोड़ों रुपये के कार्य होने के बावजूद जलनिकासी की स्थायी समस्या का समाधान शहर में नहीं हो सका है।

यही स्थिति कटरा, अल्लापुर, दारागंज, टैगोरटाउन समेत सिविल लाइंस इलाके में है। हाईकोर्ट पानी की टंकी, चौफटका, सुलेमसराय आदि इलाकों में भी जलभराव के चलते लोगों को काफी दिक्कतों का  सामना करना पड़ा। बारिश के चलते नगर निगम की नाले और सीवर चोक हो गए। सोहबतियाबाग, बैरहना और रामबाग में नालियों का पानी सड़कों पर बहता रहा। 
विज्ञापन

2 of 5
प्रयागराज में जंक्शन के सामने भरा पानी। - फोटो : अमर उजाला।
तेज बारिश से मिली गर्मी और उमस से राहत

शहर में बुधवार की सुबह हुई तेज बारिश से गर्मी व उमस से परेशान लोगों को राहत तो मिली लेकिन उनकी दुश्वारियां भी बढ़ गईं। पूरे शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। जार्जटाउन, राजरूपपुर, जंक्शन रेलवे स्टेशन के सामने समेत कई जगहों पर बारिश के घंटों बाद भी घुटनों तक पानी भरा रहा जिससे लोग परेशान हुए। सुबह एक घंटे से अधिक समय तक तेज बारिश हुई।

इसकी वजह से जार्जटाउन के लिडिल रोड, मालवीय मार्ग, सीएमपी डिग्री कॉलेज के पीछे, बैरहना डॉट पुल के नीचे पानी भर गया। यहां नाला भी ओवरफ्लो करने लगा। मेडिकल कॉलेज चौराहे पर सीवर लाइन का ढक्कन फौव्वारा बन गया। कुलभास्कर आश्रम पीजी कॉलेज के सामने वाली सड़क पर आवागमन ही बाधित हो गया। यहां बारिश के बाद भी घंटों जलभराव की स्थिति रही।
विज्ञापन

3 of 5
बैरहना इलाके में बरसात के बाद भरा पानी। - फोटो : अमर उजाला।
कई जगह धंस गई  सीवर लाइन

बैरहना में खिन्नी वाली गली समेत कई अन्य गलियों में भी पानी भर गया। सीवर लाइन धंस जाने की वजह से क्षेत्र में पहले से गंदा पानी गलियों में भरा था। ऐसे में बारिश में मुसीबत और बढ़ गई। रोशन साहू, दिनेश सोनकर आदि का कहना था कि एक सप्ताह से अधिक समय से सीवर का पानी गलियों में बह रहा है लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ है। सुबह हुई बारिश से मुसीबत और बढ़ गई और घरों से निकलना मुश्किल हो गया।

हिंदू छात्रावास के सामने, चंद्रशेखर आजाद पार्क, सिविल लाइंस में धोबी घाट चौराहा आदि स्थानों पर भी जलभराव की स्थिति रही। सड़क के किनारे पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित रहा। जंक्शन के सिविल लाइंस साइड में पोर्टिको के सामने तो तालाब बन गया। जंक्शन के सामने, खुल्दाबाद, दाराशाह अजमल, करेली समेत कई जगहों पर जलभराव हो गया। इस तरह की स्थिति पूरे शहर में जगह-जगह रही।

4 of 5
बुधवार को बारिश के बाद निरंजन डॉट पुल के नीचे भरा पानी। - फोटो : अमर उजाला।
जाफरी कॉलोनी में जलभराव की समस्या हुई स्थायी, घरों में घुसा पानी

राजरूपपुर के आनंदपुरम और जाफरी कॉलोनी के लोगों की दुश्वारियां कम होने के बजाय बढ़ती जा रही हैं। यहां जलभराव की स्थायी समस्या बन गई है। इसके अलावा एक नाला पूरी तरह से चोक है जिसकी वजह से वह ओवरफ्लो करने लगता है। पिछले कई दिनों से यहां पंप लगाकर पानी निकालने की कोशिश की जा रही है। बुधवार की बारिश कॉलोनी के लोगों के लिए आफत बनकर आई। सत्येंद्र बहादुर सिंह, शमशाद अहमद, इमाद सिद्दीकी, सुधा, खुर्शीद आलम आदि के घरों में घुटनों तक पानी भर गया। स्थिति यह रही कि देर शाम तक लोग घरों से पानी निकालने में ही लगे रहे। जैन मंदिर के पास भी कई घरों में पानी घुस गया। पार्षद मिथिलेस सिंह का कहना है कि इसके स्थायी समाधान के लिए नगर आयुक्त को कई बार लिखा गया लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में भरा पानी। - फोटो : अमर उजाला।
आजाद नगर के लोगों के घरों में घुसा सीवर का पानी

साउथ मलाका के आजाद नगर के लोगों के लिए भी बारिश आफत बनकर आई। लाइन चोक होने की वजह से आजाद नगर के सैकड़ों घरों में सीवर का गंदा पानी घुस जाता है। एक महीने से भी अधिक समय से लोग इस समस्या से परेशान हैं। बुधवार को हुई बारिश से समस्या और विकराल हो गई। लोग शाम तक घरों से गंदा पानी निकालते रहे। सीवर का अवरोध हटाने और सुपर शॉकर से सफाई के लिए लोगों ने जलकल के महाप्रबंधक से कई बार मांग की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे लोगों में नाराजगी भी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें