दिन का पारा पहुंचा 31.2 डिग्री पर, बारिश के बाद बढ़ेगी सर्दी
प्रयागराज। इस माह लगातार मौसम करवट ले रहा है। दिवाली के पूर्व जहां एक बारगी दिन में भी जहां ठंडक का एहसास हो रहा था तो वहीं अब पर्व के बाद आसमान में छाए बादलों ने एकाएक उमस बढ़ा दी है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि उमस की वजह से रविवार तक प्रयागराज और उसके आसपास के क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। बारिश के साथ ही यहां ठंड बढ़ने के आसार है।
दिवाली के पूर्व भी आसमान में छाए बादलों की वजह से तेज ठंडी हवाएं चल रही थी। इससे यही लगा कि दिवाली बाद पारा एकदम नीचे आएगा। इस बीच दिन में अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री हुआ भी। लेकिन बुधवार को आसमान में छाए बादल एवं उमस की वजह से पारा बढ़कर 31.2 डिग्री तक पहुंच गया। न्यूनतम पारा भी 20.3 डिग्री पर रहा। मौसम विज्ञानी प्रो. एचएन मिश्र ने बताया कि बादल छाने और उमस आने का मतलब है कि यहां रविवार तक बारिश हो सकती है। क्योंकि इन दिनों हवा का दबाव कम हुआ है। यह इस बात का सूचक है कि बारिश होने के साथ ही सर्दी भी बढ़ेगी। आने वाले दिनों प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में कड़ाके की सर्दी पड़ने की संभावना है।