तेज आंधी से प्रयागराज में जनजीवन हुआ ठप।
- फोटो : अमर उजाला।
बुधवार शाम करीब पांच बजे धूलभरी तेज आंधी से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया।सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धम गई और दिन में ही अंधेरा छा गया। दुकानों के बोर्ड, पुलिस की बैरिकेडिंग भी उड़कर दूर चली गई। काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। बारिश न होने के कारण धूल और मिट्टी ने काफी देर तक लोगों को परेशान किया। शहर में लोगों को अपनी दुकानों के शटर गिराने पड़े और घर के दरवाजे बंद करने पड़े। यह स्थित आधा घंटे से अधिक समय तक बनी रही। ग्रामीण अंचलों ने पेड़ों के धराशायी होने की सूचना है।
कहीं पर बूंदाबांदी के साथ ओले भी गिरे हैं। झूंसी में प्रयागराज वाराणसी हाईवे पर पंत संस्थान के सामने आंधी और तूफान में विशालकाय यूके लिपटस का पेड़ धराशायी हो गया। इसके चलते घंटों जाम की स्थिति बनी रही। इसी तरह शहर के नवाब युसूफ रोड पर आंधी तूफान कहर बनकर टूटा। एक विशाल पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि युवक को सिर और हाथ में चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
पेड़ गिरने की वजह से बिजली के तार भी टूट गए, जिससे आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। घटना के बाद सड़क पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर बिजली विभाग और संबंधित कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा टूटे तारों और गिरे पेड़ को हटाने का कार्य शुरू कराया गया।