पूरामुफ्ती क्षेत्र के सल्लाहपुर के पास कुसुवा गांव में चार भाइयों की मौत रहस्य बन गई है। एक तरफ पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इनकी मौत पानी में डूबने से होने की पुष्टि हुई है, वहीं दूसरी तरफ परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
पूरामुफ्ती क्षेत्र के सल्लाहपुर के पास कुसुवा गांव में चार भाइयों की मौत रहस्य बन गई है। एक तरफ पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इनकी मौत पानी में डूबने से होने की पुष्टि हुई है, वहीं दूसरी तरफ परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल, पुलिस की जांच भी दो सवालों के इर्द-गिर्द घूम रही है।
विज्ञापन
आशंका है कि या तो इन भइयों में से कोई एक नहाने के लिए तालाब में उतरा और डूबने लगा। बचाने के लिए अन्य तीनों भाई तालाब में उतरे और वे भी सभी डूब गए। वहीं, दूसरी आशंका यह है कि इन चारों के साथ कोई और भी मौजूद था जिसने खेल-खेल में तालाब में डुबकी लगाई और मृतकों को डूबता देख मौके से भाग गया।
पुलिस इन दोनों सवालों की गुत्थी सुलझाने में जुटी है लेकिन घटना के दूसरे दिन भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस की एक टीम ने बृहस्पतिवार को भी चारों भाइयों के परिजनों से पूछताछ की। परिजन सिर्फ संदेह जताते रहे कि उनके बेटों की किसी ने हत्या की है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई है लेकिन ऐसा कोई सुराग नहीं मिला है जिससे हत्या की बात सामने आ सके।
विज्ञापन
फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई सबूत एकत्र किए थे। पुलिस फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। डीसीपी नगर मनीष शांडिल्य ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चारों भाइयों के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला। यह तथ्य इस ओर इशारा कर रहा है कि चारों की हत्या नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि परिजनों ने पूछताछ में सिर्फ हत्या की आशंका जताई है लेकिन उन्होंने किसी पर आरोप नहीं लगाया है।