देशभर में हजारों करोड़ की ठगी करने वाले शाइन सिटी के निदेशक भाइयों राशिद नसीम और आसिफ नसीम पर शहर में तीन और मुकदमे दर्ज हुए हैं। रिटायर्ड बैंक अफसर सोमनाथ शर्मा समेत नौ लोगों ने 1.6 करोड़ की ठगी में दोनों भाइयों पर मुकदमा दर्ज कराया है।
आरोप है कि जमीन और अन्य योजनाओं में निवेश के नाम पर दोनों भाइयों और उनके सहयोगियों ने रकम जमा करा ली और फिर इसे हड़प कर गए। थाने में सुनवाई ना होने पर भुक्तभोगियों ने कोर्ट का सहारा लिया और कोर्ट के आदेश पर तीनों मामलों की एफआईआर दर्ज की गई।
सेंट्रल बैंक की सिविल लाइंस शाखा से रिटायर्ड मेजा निवासी सोमनाथ शर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि उन्होंने और उनके दो साथियों सेना से रिटायर पदम कृपाल सिंह और अधिवक्ता मुकेश चंद्र श्रीवास्तव ने शाइन सिटी कंपनी में कार्यरत सबा फातिमा के जरिए राशिद नसीम और आसिफ नसीम को अलग-अलग किस्तों में लगभग 86 लाख रुपये दिए।
उन्हें बताया गया था कि उन्हें अच्छा खासा रिटर्न दिया जाएगा। लेकिन समय बीतने के बाद भी पैसे वापस नहीं मिले। लखनऊ स्थित ऑफिस जाने पर वहां ताला लगा मिला। यही नहीं, मामले की शिकायत पुलिस से किए जाने के बाद से लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इसी तरह एक अन्य मुकदमा योगेंद्र त्रिपाठी निवासी कालिंदीपुरम की तहरीर पर दर्ज किया गया है।