प्रधानमंत्री की मंगलवार सुबह हुई घोषणा के अनुसार लॉकडाउन की अवधि तीन मई तक बढ़ा दी गई है। वहीं बीते लॉकडाउन में कोरोना संदिग्धों की जांच रिपोर्ट काफी राहत देने वाली रही। जिला प्रशासन का दावा है कि कोरोना वायरस से प्रयागराज सुरक्षित है, लेकिन इसके बावजूद लोगों को किसी तरह की छूट नहीं दी जाएगी। उल्टे जिले की सीमाओं पर सख्ती बढ़ा दी गई है, ताकि दूसरे जिलों से कोई पॉजिटिव न आने पाए। इसके अलावा जिला प्रशासन का पूरा ध्यान अब लोगों को घरों पर ही जरूरत के सामान उपलब्ध कराने पर है।
डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने मंगलवार को कहा कि जिले में कोरोना का खतरा नहीं है, लेकिन लॉकडाउन पहले की तरह से ही लागू रहेगा। अब प्रशासन का पूरा ध्यान बाहर से आने वालों पर रहेगा, इसके लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। डीएम का यह भी कहना है कि लॉकडाउन के आने वाले 19 दिनों में लोगों को घरों में ही सुविधाएं उपलब्ध कराने की चुनौती बढ़ गई है।
इसके लिए लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर सेवा प्रदाता संस्थाओं की सूची तैयार की जा रही है। एसी-फ्रीज बनाने वाले, प्लंबर, बिजली मिस्त्री आदि की सूची सप्लाई मित्र वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। एक-दो दिनों में अन्य जरूरतों के हिसाब से भी लोगों की सूची ऑनलाइन कर दी जाएगी। वहीं अफसरों का साफ कहना है कि केंद्र और प्रदेश सरकार की गाइडलाइन का इंतजार है। उसी के अनुसार निर्णय लिए जाएंगे।
गांवों में भेजे जाएंगे टैंकर
गर्मी शुरू होने के साथ खासतौर पर यमुनापार के पाठा क्षेत्र में पेयजल का संकट शुरू हो गया है। ऐसे में टैंकर से पानी उपलब्ध कराए जाएंगे। लोगों को घरों से कम निकलना पड़े इसलिए प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा बिजली कटौती के साथ पेयजल आपूर्ति का संकट भी बढे़गा। प्रशासन का दावा है कि इसे ध्यान में रखकर खास तैयारी की गई है। लोगों को कम से कम परेशानी हो इसका ध्यान रखा जाएगा।
एडीएम प्रशासन से समन्वय बनाकर ही करें भोजन का वितरण
0 लखनऊ की घटना ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। वहां कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति लोगों के बीच में खुलेआम घूम रहा था। ऐसे में जिला प्रशासन अब भोजन वितरण को लेकर भी सतर्क हो गया है। राशन एवं भोजन वितरण के लिए एडीएम प्रशासन को नोडल बनाया गया है। डीएम का कहना है कि उनसे समन्वय बनाकर ही लोग भोजन वितरित करें। उन्होंने कहा कि गर्मी भी बढ़ने लगी है। ऐसे में खाने की गुणवत्ता बनाए रखने की भी जरूरत है।
जिले के लोगों ने अभी तक बड़े धैर्य का परिचय दिया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आगे भी इसी जिम्मेदारी का परिचय दें। सभी लोग सहयोग करें यह बेहद जरूरी है। कंट्रोल रूम 24 घंटे काम कर रहा है। हर सूचना हर वहां दें। सबसे अहम यह कि लोग सुनिश्चित करें कि जहां हैं वहीं रहें।’
भानु चंद्र गोस्वामी, डीएम
माहौल बिगड़ने की आशंका, निषेधाज्ञा लागू
प्रयागराज। प्रशासन को रमजान के दौरान सौहार्द बिगड़ने की आशंका है। इसे ध्यान में रखकर एडीएम सिटी और एडीएम प्रशासन की ओर से अलग-अलग आदेश जारी करके निषेधाज्ञा लागू की गई है। अफसरों का कहना है कि विश्वस्त सूत्रों से जानकारी मिली है कि कुछ लोग रमजान के दौरान माहौल बिगाड़ने की फिराक में हैं। उन्हें पहले से नहीं चिह्नित किया जा सकता है। इसलिए बिना किसी सुनवाई के यह आदेश जारी किया गया है। इसके तहत लाकडाउन का पूरी तरह से पालन करने का भी आदेश दिया गया है। अफसरों ने चाइनीज मंझा के उपयोग तथा बिक्री पर भी रोक लगा दी है।