बारिश ने दुर्गोत्सव का रंग किया फीका
0 पंप लगाकर निकाला जाता रहा पूजा पंडालों में भरा पानी
0 सिविल लाइंस बारवारी में भी नहीं हो सका आनंद मेला
प्रयागराज। लगातार बारिश ने शहर के दुर्गोत्सव का रंग फीका कर दिया है। पंचमी को पंडालों में देवी के आने का दिन रहा। कई कमेटियां देवी प्रतिमाएं ला सकीं लेकिन कई कमेटियों को बारिश के कारण काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं। इस बीच शुक्रवार को महाषष्ठी से दुर्गोत्सव की शुरुआत होगी।
सिविल लाइंस बारवारी में भी बृहस्पतिवार को ही प्रतिमा लाकर देवीथान पर स्थापित की गई। हालांकि बारिश से पूजा स्थल पर पानी भर जाने के कारण पंचमी को आयोजित आनंद मेला नहीं हो सका। कमेटी के अध्यक्ष डॉ.अमिताव घोष ने बताया कि बारिश से पूजास्थल पर कीचड़ हो गया है। बाहर और भीतर की सजावट पिछड़ गई है। जहां भोग बनता था, वहां पानी भर गया है, जिसे निकलवाने की कोशिश जारी है।
शास्त्रीनगर दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह ‘पीयूष’ और महामंत्री प्रतीक सोनी ने कहा कि पंडाल को शैली और सज्जा से पर्यावरण संरक्षण के संदेश के अनुरूप बनाया जा रहा है। बीती रात कलाकारों ने बाहर से पेंट किया था, जिसे बारिश ने धो दिया। अब उसे दोबारा पेंट कराया जा रहा है। प्रीतमनगर पूजा कमेटी के सचिव देवाशीष मजूमदार ने कहा कि कमेटी के लोगों ने पूरे दिन पानी निकालकर मैदान को पूजा योग्य बनाया है, वरना पूजा बाधित होने के कगार पर थी।
कटरा बारवारी के प्रवक्ता सौरभ बासु ने बताया कि सारस्वत पैलेस में प्रतिमा रखी है, जहां घुटने भर पानी है। पूरे दिन पानी निकाला जाता रहा। श्रद्धालुओं के जाने केलिए लकड़ी का बुरादा मंगाकर गिरवाया गया है। चार अक्तूबर को महिलाओं की ओर से गरबा नृत्य होगा। करेलाबाग कालोनी दुर्गा पूजा के अध्यक्ष ज्योतिर्मय घोष ने कहा, बारिश से भीतरी सज्जा के काम में देरी हुई है।
लूकरगंज बारवारी के महासचिव देवव्रत डे ने कहा, पंडाल में इतना पानी भरा है कि पूरी रात दो पंप लगाकर पानी निकाला गया। सुबह नया पंप लाया गया है जिससे दिन भर पानी निकाला गया। बारिश से भीतर और बाहर की सज्जा पर असर आया है। परिसर में पानी भरने से दुकानें नहीं बन पा रही हैं, जिससे कई लोग पीछे हटने का मन बना रहे हैं।
00
कटरा बारवारी में गूंजे सदाबहार गीत
प्रयागराज। कटरा बारवारी में दो दिनी आनंद मेला बृहस्पतिवार को पूरा हो गया। समापन पर संस्था फनकार की पहल पर डॉ.एसपी मिश्रा, डॉ.पीके सिन्हा, डॉ.रमा मिश्रा, डॉ.राजेश श्रीवास्तव आदि ने एक से बढ़कर एक सदाबहार नगमों से शाम सजाई। संचालन डॉ.पीके सिन्हा ने ही किया। सचिव श्रीमंतो बनर्जी ने सभी के प्रति आभार ज्ञापित किया।
वहीं दूसरी ओर शाम को बारिश से थोड़ी राहत के कारण लोगों ने आनंद मेले का जमकर लुत्फ लिया। खाने-पीने की चीजों से लेकर घर-गृहस्थी के काम आने वाली सजावटी चीजें खरीदीं। और एक दूसरे को पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।