निचले इलाकों में गोशालाओं
से गोवंश हटाने का फरमान
0 कमिश्नर बोले, पोस्टमार्टम रिपोर्ट बता रही कि बिजली गिरने सेे गई गोवंश की जान
0 कांदी गांव से ग्रामीणों से भी हुई पूछताछ, अफसरों ने खंगाली जिले भर की गोशालाएं
प्रयागराज। बहादुरपुर के कांदी गांव की गोशाला में 35 गायों की मौत के बाद रविवार को घटना स्थल पर पहली बार कमिश्नर प्रयागराज आशीष गोयल पहुंचे। यहां वे काफी देर तक रुके। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत भी की। साथ ही लोगों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। कमिश्नर ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यही कहा जा सकता है कि सभी गोवंश की मौत बिजली गिरने की वजह से हुई। इस दौरान उन्होंने गोशाला के निचले इलाके में होने एवं वहां पानी भरने के मामले पर कहा कि जिले में जहां कहीं भी निचले इलाके में गोशाला है वहां से गोवंश तत्काल प्रभाव से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिए जाए।
रविवार को कांदी गांव पहुंचे कमिश्नर ने सबसे पहले गोशाला का निरीक्षण किया। उसके बाद उन्होंने ग्रामीणों से वार्ता की। यहां बताया गया कि इस पूरे गांव में ही बारिश का पानी भर जाता है। कमिश्नर ने विभागीय अफसरों से कहा कि जो गोवंश यहां हैं, उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जाए। यह भी कहा कि अब दोबारा ऐसी गलती नहीं होनी चाहिए। उन्हें यहां बताया गया कि जिले में कुछ ऐसी और गोशालाएं हैं जो निचले इलाके में हैं और वहां भी बारिश का पानी भर जाता है। इस पर कमिश्नर ने कहा जिलेभर में निचले इलाके में बनी गोशालाओं से तत्काल प्रभाव से गोवंश निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जाए। इसके पूर्व शनिवार को गोसेवा आयोग उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष जसवंत सिंह उर्फ अतुल सिंह भी मौके पर पहुंचे थे।
अफसरों ने खंगाली जिले भर की गोशालाएं
प्रयागराज। गोशाला में गोवंश की मौत के बाद जिला प्रशासन के तमाम अफसरों ने जिले की विभिन्न गोशालाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान बहरिया की ग्राम पंचायत छाता में गोशाला के अंदर पानी भरा होने से एडीएम ने फटकार लगाते हुए सभी गोवंश को दूसरी जगह तत्काल हटाने का आदेश दिया। एडीएम आपूर्ति ए के कनौजिया और एसडीएम फूलपुर विवेक चतुर्वेदी, खंड विकास अधिकारी दिव्या सिंह व पशु चिकित्साधिकारी बहरिया सुशांत यादव के साथ चैमलपुर, सरायमदन, दांदूपुर, चकश्याम उर्फ पूरे हिंछा और छाता ग्राम पंचायत के बनाए गए अस्थायी गोशाला का निरीक्षण किया गया। मेजा में एसडीएम दयाशंकर पाठक ने मुकुंदपुर में बनी गोशाला को देखा। यहां जगह-जगह गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
यमुनापार की गोशालाओं में मिला दलदल और गंदगी
प्रयागराज। रविवार को जिला विकास अधिकारी अशोक कुमार मौर्य, उपजिलाधिकारी बारा संदीप कुमार वर्मा आदि अफसरों ने जसरा और उसके आसपास के इलाकों में बनी पांच गोशालाओं का निरीक्षण किया। यहां गोशालाओं में दलदल और गंदगी मिलने पर नाराजगी जताने के साथ उसे दुरुस्त करने का निर्देश दिया। ब्लॉक कौंधियारा के सेहरा, पवरी, रामगढ़वा टिकरी गांव में बने गौशाला का औचक निरीक्षण एसडीएम करछना रत्नप्रिया त्रिपाठी ने किया। कोरांव की ग्राम पंचायत पवांरी में गोवंश आश्रय स्थल का निरीक्षण उपजिलाधिकारी व खंड विकास अधिकारी ने संयुक्त रूप से किया। इसी तरह गंगापार के लालगोपालगंज में मलंग की तकिया मोहल्ले में भी काफी जलभराव अफसरों को निरीक्षण के दौरान मिला। कोड़िहार के पीथीपुर एवं मेंडारा में क्षमता से ज्यादा पशुओं को रखे जाने की बात सामने आई।