सिने स्टार और भाजपा प्रत्याशी सनी देओल का जुलूस निर्धारित मार्ग की जगह अन्य मार्ग से ले जाने पर नगर कोतवाली में मुकदमा लिखा गया है। दरोगा की तहरीर पर पुलिस ने आयोजक भाजपा नेता रणजीत सिंह पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
कोतवाली के दरोगा किफायत उल्ला खां की ड्यूटी इन दिनों शहर दक्षिणी फ्लाइंग स्क्वॉयड में लगी है। उसने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि चार मई को सिनेस्टार सनी देओल की रैली थी जिसके लिए अनुमति आयोजक भाजपा नेता रणजीत सिंह निवासी खरकौनी की ओर से ली गई थी। अनुमति के मुताबिक रैली को जानसेनगंज चौराहा, हीवेट रोड, मोतीमहल सिनेमा, मानसरोवर, सुलाकी चौराहा, बहादुरगंज, लोकनाथ, नखासकोना होते हुए जाना था। लेकिन इसे निर्धारित मार्ग की जगह जानसेनगंज चौराहे से घंटाघर, अग्रसेन चौराहा, इलाहाबाद इंटर कॉलेज, से हीवेट रोड होकर निकाला गया। जो आचार संहित का उल्लंघन है। कोतवाली इंस्पेक्टर ने बताया कि आयोजक रणजीत सिंह पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।