आश्रम पद्धति विद्यालय खुद करेंगे सोलर पैनल से बिजली का उत्पादन
0 20 किलोवाट के सोलर पॉवर प्लांट का होगा निर्माण, कराया जा रहा सर्वे
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। समाज कल्याण विभाग की ओर संचालित आश्रम पद्धति विद्यालयों में आने वाले दिनों में बिजली गुल नहीं होगी। उनका अपना सोलर पॉवर प्लांट होगा। इसके लिए सर्वे कराया जा रहा है। इसी वित्तीय वर्ष में हर विद्यालय में 20 किलोवाट बिजली का उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है।
जिले में चार राजकीय आश्रम पद्धति हैं। सभी में 20 केवीए का सोलर पॉवर प्लांट लगेगा। प्रत्येक प्लांट पर 12 से 13 लाख रुपये खर्च होंगे। नेडा के परियोजना प्रबंधक मो.शाहिद सिद्दीकी ने बताया कि सभी विद्यालयों में प्लांट लगाने के लिए सर्वे कराया जा रहा है। दो से तीन महीने में प्लांट लगने के बाद उत्पादन शुरू हो जाएगा।
000
20 गांव भी होंगे रोशन, लगेंगी 10-10 सोलर लाइटें
0 जिले के 20 गांव भी सोलर लाइट से जगमग होंगे। बाबूजी कल्याण सिंह ग्राम उन्नति योजना के लिए चिह्नित हर गांव में 10-10 सोलर लाइटें लगेंगी। हर सोलर लाइट पर 21109 रुपये खर्च होंगे। इस तरह से कुल 42 लाख 21 हजार 800 रुपये से 200 लाइटें लगाई जाएंगी।
नेडा के परियोजना प्रबंधक ने बताया कि इन गांवों का चयन जनप्रतिनिधियों की संस्तुति पर किया गया है। ये गांव घूंघा, गजाधर-धौखर, बरी, सोनई, पुरैनी, लवायन, पांडर, गोइसरा, कोठारी, बभनपुर, सेमरा, चिल्ला, मदारीपुर की निषाद बस्ती, झिरहरी, असवां, कपसा, कनेहटी, सराय गंभीरदास, उधोपुर एवं डांडी हैं।