चक्रवाती तूफान ताउते के कमजोर असर से पारा करीब नौ डिग्री सेल्सियस धड़ाम हो गया। रात का न्यूनतम तापमान भी चार डिग्री लुढ़क गया। सोमवार रात बारिश के बाद मंगलवार को दिन भर बादल छाए रहे। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अभी चार से पांच दिन मौसमी उठापटक जारी रहेगा। बारिश के आसार हैं।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 24 घंटे में 39.5 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 30.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री से 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वातावरण में अचानक बढ़ी नमी से उमस हावी रही। दिन में एक से दो बार धूप थोड़ी देर के लिए निकली फिर बादलों ने डेरा जमाए रखा। रात में नौ बजे शुरू हुई बारिश का क्रम देर रात तक बना रहा। आर्द्रता असंतुलित होकर उच्चतम स्तर पर 63 से 93 प्रतिशत पहुंच गई। वहीं न्यूनतम आर्द्रता भी 43 से बढ़कर 72 प्रतिशत हो गई।
मौसम विज्ञानी प्रोफेसर एचएन मिश्रा के मुताबिक चक्रवाती हवाएं ताउते को यहां भी प्रभावी बना रही हैं। इन हवाओं के जोर से बादल बरसने को व्याकुल हैं। दिन में कहीं-कहीं पर रात में हर तरफ तेज बारिश हो रही हैं। अगले चार दिनों तक मौसमी उठापटक जारी रहेगी। यह अंतराल बढ़ भी सकता है। इस दौरान बादलों की धमाचौकड़ी और धूप-छांव का मौसम बना रहेगा। अचानक गरज चमक के साथ कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश हो सकती हैं। हवाओं की सुस्ती से मौसम साफ भी सकता है, जो स्थायी नहीं होगा।