प्रयागराज : प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन से कानपुर अनवरगंज जाने वाली सवारी गाड़ी का संचालन 29 अप्रैल से शुरू हो जाएगा। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में ब्रिज संख्या-110 के मरम्मत कार्य के चलते निर्धारित मेगा ब्लाक का काम तय समय से पहले ही पूर्ण कर लिया गया है। इसके चलते प्रयागराज संगम-कानपुर अनवरगंज समेत 60 से अधिक ट्रेनों को पुनः बहाल करने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों को कार्य के दौरान निरस्त या मार्ग परिवर्तित से चलाया जा रहा था।
आज देवरिया तक ही जाएगी चौरीचौरा एक्सप्रेस
गोरखपुर जाने वाली चौरीचौरा एक्सप्रेस शनिवार 26 अप्रैल को देवरिया सदर रेलवे स्टेशन तक ही संचालित होगी। ऐसा इसलिए क्योंकि गोरखपुर-गोरखपुर कैंट स्टेशनों के मध्य तीसरी लाइन के लिए प्री-एनआई, एनआई का कार्य किया जा रहा है। इसके कारण कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन किया गया है तो कुछ को आंशिक रूप से निरस्त किया गया है। इसमें कानपुर अनवरगंज से प्रयागराज होकर चलने वाली चौरीचौरा एक्सप्रेस भी शामिल है।
15003 कानपुर अनवरगंज -गोरखपुर चौरीचौरा एक्सप्रेस यात्रा प्रारंभ करने की तिथि 26 अप्रैल को देवरिया सदर तक ही जाएगी। देवरिया सदर से गोरखपुर के मध्य यह निरस्त रहेगी। इसके अलावा 12565 दरभंगा-नई दिल्ली बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस बदले हुए मार्ग से दो मई 25 को छपरा-औंरिहार-वाराणसी-बनारस-प्रयागराज-कानपुर सेंट्रल के रास्ते चलेगी। इसका संचालन गोरखपुर-लखनऊ के रास्ते होता है।