प्रयागराज। यूपी में मिशन-2022 के तहत कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में जुट गई है। इसी क्रम में मंगलवार को पार्टी ने संगठन का विस्तार का एलान किया। इसमें प्रयागराज से तीन चेहरों को प्रदेश कमेटी में जगह दी गई है। इनमें से दो ब्राह्मण और एक पिछड़ा वर्ग से पटेल बिरादरी के नेता को प्रदेश में जिम्मेदारी दी गई है।
हालांकि जातीय समीकरणों का ध्यान रखते हुए तीन नए उपाध्यक्ष, 13 महासचिव और कुल 53 सचिव बनाए गए हैं। इसमें प्रयागराज के तीन नेताओं को संगठन में पद दिया गया है। इसके पीछे नेतृत्व का मानना है कि जब पार्टी में पदाधिकारियों संख्या बढ़ेगी, तभी बूथ स्तर तक पहुंच होगी। इस रणनीति के तहत नए विस्तार में प्रदेश के पुराने कांग्रेसियों को जगह दे कर उनकी नाराजगी को भी दूर करने का प्रयास किया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से मंगलवार को नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई।
इसमें पहले प्रदेश कमेटी में महासचिव रह चुके नगर निगम पार्षद दल के नेता मुकुंद तिवारी को प्रदेश सचिव बनाया गया है। जबकि, 1992 के बाद पहली बार इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष संजय तिवारी को भी प्रदेश कमेटी में सचिव के पद पर जिम्मेदारी दी गई है। जबकि, हाल में ही खींचतान की वजह से जिलाध्यक्ष पद से हटाए गए रामकिशुन पटेल को भी प्रदेश सचिव पद की कमान सौंपी गई है। इससे उत्साहित कांग्रेसियों ने देर शाम अटाला चैाराहे पर नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी और मिठाई बांटी। बधाई देने वालों में तस्लीमउद्दीन, इरफानुल हक, अरशद अली, जावेद उर्फी, तालिब अहमद, कमाल अली नफीस कुरेशी, अंजुम नाज, अनिल चौधरी, विकास चौरसिया, राजा मोहम्मद इब्राहिम समेत कई नेता शामिल थे। किसान कांग्रेस के प्रदेश संयोजक सुशील तिवारी ने भी नए पदाधिकारियों को बधाई दी।
संगठन विस्तार का पार्टीजनों ने किया स्वागत
प्रयागराज। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विस्तार का कांग्रेसियों ने स्वागत किया है। राज्य कार्य समिति के सदस्य किशोर वार्ष्णेय की अध्यक्षता में हुई पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में संजय तिवारी, राम किसुन पटेल, मुकुंद तिवारी, मनोज पटेल के मनोनयन पर शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया गया । इस मौके पर फुजैल हाशमी, तस्लीमउददीन, हरिकेश त्रिपाठी, अजय श्रीवास्तव, तलत अजीम, राजेश राकेश, परवेज सिद्दीकी, देवी पांडेय, राजेश राकेश, नसीम हाशमी, प्रदीप द्विवेदी, केशव पासी, कैफ वारसी, अनिल श्रीवास्तव, राकेश पटेल मौजूद थे ।(ब्यूरो)