कई जिलों में नौकरी के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वाली तथाकथित अनामिका शुक्ला की तलाश में पुलिस बुधवार को गोहरी स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में भी पहुंची। वहां पता चला प्रयागराज में अनामिका शुक्ला के नाम से नौकरी करने वाली युवती 16 मार्च से ही लापता है। 16 मार्च को छुट्टी लेकर गई तो आज तक वापस नहीं लौटी। पुलिस में वार्डन समेत कई लोगों के बयान दर्ज किए।
आठ जिलों में एक ही नाम की शिक्षिका अनामिका शुक्ला की नियुक्ति और तनख्वाह लेने के मामले के मामले में कर्नलगंज में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इंस्पेक्टर कर्नलगंज एके त्यागी ने बताया कि बीएसए कार्यालय में अधिकारियों से बयान लेने के बाद पुलिस बुधवार को सोरांव के गोहरी स्थित स्कूल पहुंची। वहां वार्डन आरती सिंह समेत तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के तमाम कर्मचारियों से बयान लिए गए। उनसे अनामिका शुक्ला के नाम से नौकरी करने वाली युवती के बारे में पूछताछ की गई।
पता चला की वह युवती विद्यालय के ही आवासीय परिसर में रहती थी। 16 मार्च को उसने छुट्टी के एप्लीकेशन दिया था। उसके बाद लाक डाउन हो गया। तब से वह वापस नहीं लौटी। इंस्पेक्टर ने बताया कि इस मामले में जितने भी पक्ष नियुक्ति से लेकर नौकरी तक में सामने आ रहे हैं सभी से पूछताछ की जाएगी। फिलहाल अब तक की जांच से साबित है कि फर्जीवाड़े में कई लोगों की मिलीभगत है। कुछ अधिकारियों की भूमिका भी पुलिस को संदिग्ध नजर आई है। और सुबूत जुटाए जा रहे हैं। अन्य जिलों में जो जांच हो रही है, वहां से भी इनपुट लिए जा रहे हैं।
72 घंटों में 244 वांछित गिरफ्तार
प्रयागराज। प्रयागराज पुलिस ने पिछले 72 घंटों में 244 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। 327 अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई। महिला अपराधों में वांछित 24 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए। 76 के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई।