संगमनगरी में पहले से ही जगह-जगह खोदी गई सड़क और उड़ती धूल से परेशान लोगों के लिए इस बार दिवाली का त्योहार वायु प्रदूषण के लिहाज से भारी पड़ा। आतिशबाजी के बाद निकले धुएं और जहरीली गैसों ने शहर की हवा को दमघोंटू बना दिया।
दिवाली के दूसरे दिन भोर में शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) खतरनाक स्तर पर पहुंच गया। अलग-अलग इलाकों में अधिकतम एक्यूआई 550 से 633 तक दर्ज किया गया। एक्यूआईडॉटइन के आंकड़ों के मुताबिक प्रदूषण के मामले में देश के 50 शहरों में प्रयागराज 42वें स्थान पर रहा।
प्रदेश के सर्वाधिक प्रदूषित शहरों में अलीगढ़, कानपुर और फैजाबाद के साथ प्रयागराज भी शामिल रहा। दिवाली की आतिशबाजी का असर शहर के अलग-अलग इलाकों में साफ दिखाई दिया। प्रदूषण के लिहाज से सिविल लाइंस सबसे खराब स्थिति में रहा।
यहां एक्यूआई का औसत स्तर 325 दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम स्तर 550 से 633 के बीच पहुंच गया। झूंसी दूसरे स्थान पर रहा, जहां औसत एक्यूआई 200 और अधिकतम 335 दर्ज किया गया।
तेलियरगंज में औसत एक्यूआई 225 और अधिकतम 355 रहा। आंकड़े बताते हैं कि त्योहार के बाद भी हवा में प्रदूषण का स्तर सामान्य होने के बजाय खतरनाक बना रहा।
धूल और आतिशबाजी के धुएं के कारण हवा में बेहद महीन कण (पीएम 2.5) की मात्रा तेजी से बढ़ी। इसके साथ ही नाइट्रोजन डाइऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड और कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी हानिकारक गैसों का स्तर भी बढ़ गया।
आंकड़ों के मुताबिक नाइट्रोजन डाइऑक्साइड की अधिकतम मात्रा 33, सल्फर डाइऑक्साइड की 18 और कार्बन मोनोऑक्साइड की 55 तक दर्ज की गई। इन प्रदूषकों के बढ़ने से लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दिवाली के तीसरे दिन मंगलवार को भी प्रदूषण से राहत नहीं मिली। दोपहर दो बजे के बाद ही कई इलाकों में धूल और धुएं के गुबार दिखाई देने लगे। वातावरण में धुंध छाने से दृश्यता भी प्रभावित हुई और समय से पहले अंधेरा होने जैसा एहसास हुआ।
धमाके वाले पटाखों से बढ़ा ध्वनि प्रदूषण
कोर्ट और सरकार की सख्ती के बावजूद इस दिवाली पर धमाके वाले पटाखों का जमकर उपयोग हुआ। इससे पिछले साल की तुलना में ध्वनि प्रदूषण काफी बढ़ गया। पटाखों के धमाकों से लोगों, खासकर हृदय रोगियों को काफी परेशानी हुई। आवासीय क्षेत्र मम्मफोर्डगंज में ध्वनि प्रदूषण 66.9 डेसीबल, नई झूंसी में 55.4 और अल्लापुर में 63.2 डेसीबल दर्ज किया गया। यह सामान्य दिनों से 10 से 14 बिंदु अधिक था। वाणिज्यिक क्षेत्र सिविल लाइंस में 69.3 डेसीबल और घंटा घर चौक में 68.2 डेसीबल मापा गया। रेलवे स्टेशन और तेलियरगंज को छोड़कर अन्य सभी स्थानों पर इस बार ध्वनि प्रदूषण पिछले साल से ज्यादा दर्ज हुआ। शांत क्षेत्र इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पास भी ध्वनि प्रदूषण 52.8 डेसीबल रहा, जो पिछले साल से अधिक था।
कोट
दिवाली वाले दिन पटाखों के कारण वायु प्रदूषण सामान्य दिनों की अपेक्षा हर साल बढ़ जाता है। हवा न चलने से पीएम 10 सूक्ष्म कणों से भी बढ़ने वाले वायु प्रदूषण को खींच लेता है। जब तक हवा नहीं चलेगी, आसमान में धुंध छाया रहेगा और प्रदूषण में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। एक से दो दिन में मौसम साफ होने की संभावना है।- विजय कुमार, क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी, प्रयागराज