एक महीने में बदलाव की नई कहानी
चौंकाने वाली बात यह है कि मई 2025 में स्थिति पूरी तरह से बदल गई। वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में तीनों जनपदों में विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत अलग-अलग कई प्रयास किए गए। मसलन विवेचकों से सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें निर्देशित किया गया तो लॉगिन आईडी बनवाने के काम में भी तेजी लाई गई। एप से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों का समाधान कराया गया। इसके साथ ही कार्यशालाएं और ऑन-फील्ड मार्गदर्शन भी किया गया। इन ठोस प्रयासों का असर रहा कि सिर्फ 31 दिनों में 3900 मुकदमों में साक्ष्य एप पर अपलोड कर दिए गए। इनमें लगभग 1300 नए और करीब 2600 पुराने मामले शामिल हैं।
रैंकिंग में उछाल, पूरे प्रदेश की नजर प्रयागराज रेंज पर
ई-साक्ष्य एप के क्रियान्वयन में प्रयागराज रेंज की यह उपलब्धि इतनी प्रभावशाली रही कि प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में इसका असर देखने को मिला। अब प्रयागराज रेंज डिजिटल विवेचना मॉडल के रूप में उभर कर सामने आया है, जिससे अन्य रेंजों को भी सीखने का अवसर मिलेगा।
यह है ई-साक्ष्य एप
यह एप पुलिसकर्मियों को घटनास्थल से ही ऑडियो, वीडियो, फोटो और अन्य डिजिटल साक्ष्य तुरंत अपलोड करने की सुविधा देता है।
इससे न केवल साक्ष्य संरक्षित रहते हैं, बल्कि न्याय प्रक्रिया में पारदर्शिता भी आती है।
यह एप अदालतों में मजबूत इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज प्रस्तुत करने का आधार भी बनता है।
रोजाना मॉनिटरिंग, औसतन 150 मुकदमों में प्रतिदिन अपलोडिंग
मौजूदा समय की बात करें तो प्रयागराज रेंज के तीन जनपदों में औसतन 150 मुकदमों में प्रतिदिन ई-साक्ष्य एप से डिजिटल सबूतों की अपलोडिंग हो रही है। इसकी सबसे मुख्य वजह रेंज व जनपद स्तर पर रोजाना होने वाली मॉनिटरिंग है। रेंज से रोजाना ई-साक्ष्य एप व्यवस्था के क्रियान्वयन पर नजर रखी जा रही है और जवाब तलब भी किया जा रहा है।