लाइट मेट्रो परियोजना पर विधान परिषद में उठे सवाल
संगम नगरी में यातायात की बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए लाइट मेट्रो रेल परियोजना अहम मानी जा रही है लेकिन नौ साल बाद भी यह योजना कागजों से बाहर नहीं निकल सकी है। विधान परिषद में एमएलसी डॉ. मान सिंह यादव ने इसे लेकर सवाल उठाए। इस पर विधान परिषद की याचिका समिति ने प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) और मेट्रो लाइट कॉरपोरेशन के अधिकारियों से पूरा ब्योरा तलब किया है। शुक्रवार 29 अगस्त को दोनों एजेंसियां अपना विवरण प्रस्तुत करेंगी। लाइट मेट्रो परियोजना की शुरुआत वर्ष 2016 में हुई थी लेकिन अब तक सेना से भूमि के अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने का इंतजार है। ब्यूरो
दो चरणों में बनना है कॉरिडोर
योजना के तहत शहर में 44 किलोमीटर का मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाना है। पहले चरण में बमरौली एयरपोर्ट से त्रिवेणीपुरम झूंसी तक 23 किमी में 21 स्टेशन बनेंगे। वहीं दूसरे चरण में शांतिपुरम कॉलोनी से फाफामऊ होते हुए नैनी-छिवकी तक 21 किमी में 19 स्टेशनों का निर्माण प्रस्तावित है। कॉरिडोर, स्टेशन और डिपो के लिए करीब 40 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की जानी है।
मेट्रो रेल के विकास संबंधी कार्य की नोडल एजेंसी प्रयागराज विकास प्राधिकरण है। लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन समन्वयक की भूमिका निभा रहा है। विधान परिषद की याचिका समिति ने ब्योरा मांगा है, शुक्रवार को विस्तृत जानकारी समिति को दी जाएगी। - अजीत कुमार सिंह, सचिव पीडीए