औचक निरीक्षण का हवाला देकर फर्जी सीआईडी इंस्पेक्टर दुकानदारों से दो हजार रुपये तक ऐंठ रहा था।
- फोटो : Demo Pic
थाना क्षेत्र के बहादुरपुर कछार गांव में बुधवार की सुबह मारपीट की सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। साथ ही दीवान समेत अन्य पुलिसकर्मियों से मार पीटकर आरोपी को भी छुड़ा लिया। किसी तरह पीआरवी के पुलिसकर्मियों ने अपनी जान बचाई। सूचना पर झूंसी पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और बवाल कर रहे ग्रामीणों को खदेड़ा। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार को गिरफ्तार भी किया था। बाद में पीआरवी के दीवान की तहरीर पर मुख्य आरोपी के साथ ही चार नामजद और दस अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज किया गया। घटना से गांव की बस्ती में काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही।
थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में जल निगम की ओर से निर्माणाधीन टंकी पर चौकीदारी के लिए ठेकेदार ने अवधेश यादव निवासी खरगापुर थाना होलागढ़ को रखा है। आरोप है कि बुधवार की सुबह तकरीबन साढ़े आठ बजे गांव का राहुल पासी शराब के नशे वहां पहुंचा। इसके बाद गेट खुलवाकर भीतर घुस गया और चौकीदार से गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर कमरे के भीतर घुसकर चौकीदार की पिटाई की गई। मामले की जानकारी भुक्तभोगी ने पुलिस कंट्रोल रूम को दी तो पीआरवी के हेड कांस्टेबल अवधेश राय, हमराह जीवनलाल और चालक राजेश दुबे के साथ मौके पर पहुंचे।
पीआरवी के पुलिसकर्मियों ने आरोपी राहुल को दबोच लिया। तभी बस्ती के बऊ, गोलू और अरूण भारी संख्या में ग्रामीणों के साथ वहां पहुंच गए तथा दीवान अवधेश की पिटाई करने के साथ ही अन्य पुलिसकर्मियों से मारपीटकर आरोपी राहुल को छुड़ा लिया। पिटाई से हेड कांस्टेबल अवधेश को कई जगह चोट आई थी। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह पुलिसकर्मियों ने वाहन समेत वहां से भागकर अपनी जान बचाई। बवाल की सूचना पर इंसपेक्टर बृजेश कुमार सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तथा मुख्य आरोपी राहुल पासी समेत चार को गिरफ्तार कर लिया। बाद में हेड कांस्टेबल अवधेश राय की तहरीर पर राहुल पासी, अरूण, गोलू, बऊ सभी निवासी बहादुरपुर कछार गांव समेत दस अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज किया गया।
मुख्य आरोपी राहुल पर दो मुकदमे और हुए दर्ज
झूंसी। पीआरवी के पुलिसकर्मियों से मारपीट करने के मुख्य आरोपी बहादुरपुर कछार गांव निवासी राहुल पासी पर पुलिस ने दो और भुक्तभोगियों की तहरीर पर संगीन धाराओं में केस दर्ज किया है। चौकीदार अवधेश यादव तथा गांव के ही रामराज कुशवाहा की तहरीर पर पुलिस ने राहुल पासी पर केस दर्ज किया है। रामराज कुशवाहा से तीन अक्टूबर और 28 अक्टूबर को राहुल ने मारपीट और गालीगलौज की थी।