प्रयागराज में युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। युवक का शव पेड़ से लटका मिला है। मामले में सपा विधायक समेत पांच लोगों पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। गुस्साए लोगों ने नौ घंटे तक युवक का शव नहीं उठने दिया। 22 दिन पहले छोटे भाई का शव भी बस्ती के पास फंदे पर लटका मिला था। हत्या का आरोप लगाकर परिजन और ग्रामीणों ने हंगामा किया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।
प्रयागराज के हंड़िया इलाके के बनपुरवा सरांयपीथा गांव में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव उसके घर के पास स्थित बिना दरवाजे के कमरे में फंदे से लटका मिला। 22 दिन पहले 11 जून को उसके छोटे भाई का शव भी पेड़ से लटका मिला था। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर सपा विधायक हाकिमलाल बिंद सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है।
विज्ञापन
बनपुरवा सरांयपीथा निवासी सुशील कुमार गौतम (32) राजगीर था। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। बृहस्पतिवार की रात खाना खाने के बाद परिवार के लोग सोने चले गए। शुक्रवार की सुबह सुशील के शव को घर के बगल स्थित भूसा व अनाज रखने के लिए बने बिना दरवाजे वाले टिन शेड के कमरे में फंदे से लटका देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीण हंगामा करने लगे। शव को उतारने से मना कर दिया। उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे।
कुछ देर बाद एडीएम प्रशासन व वित्त विनीता सिंह, डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत, एडीसीपी पुष्कर वर्मा, एसडीएम आकांक्षा सिंह के अलावा कई थाने की पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। सुबह करीब छह बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक लोग शव नहीं उठाने देने की जिद पर अड़े रहे।
विज्ञापन
करीब नौ घंटे तक हंगामा चलता रहा। एडीएम ने दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया तब जाकर लोग शांत हुए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
एक ही तरह से दो सगे भाइयों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां लालती देवी, सुशील की पत्नी ज्ञानवती देवी, बेटा दिव्यांश (10), शिवांग (8) व बेटी करिश्मा (4) का रो-रोकर हाल बेहाल है।
सुशील के छोटे भाई संतोष कुमार का शव भी उसकी शादी के चौथे दिन बस्ती के पास ही संदिग्ध हालात में एक पेड़ से लटता मिला था। उस वक्त भी परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस की ओर से कार्रवाई न किए जाने से लोगों में बहुत नाराजगी थी।
विधायक समेत इन लोगों पर हत्या व साजिश का आरोप
मृतक के बड़े भाई सुनील कुमार ने डीएम को संबोधित एक शिकायती पत्र एडीएम प्रशासन व वित्त को देकर आरोप लगाया कि जमीन के विवाद में उनके दोनों भाइयों की हत्या की गई है। हत्या व साजिश में हंडिया विधायक हाकिम लाल बिंद, गायिका सुमित्रा नंदिनी व उसका भाई अमित गौतम निवासी सैदाबाद, सरायममरेज के सेवना गांव निवासी गौरी और उसका जीजा संजय गौतम जिम्मेदार हैं।
एडीएम की ओर से एसीपी हंडिया को दिए गए निर्देश पर विधायक हंडिया सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसीपी हंडिया शेषधर पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।
धनूपुर बाजार में दो घंटे लगाया जाम
एक ही तरह से दो सगे भाइयों की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों व परिजनों ने धनूपुर बाजार में हंडिया-शुकुलपुर मार्ग को बैरिकेडिंग कर जाम कर दिया। करीब दो घंटे बाद उच्चाधिकारियों की ओर से कार्रवाई का भरोसा देने पर आवागमन शुरू हुआ।