बीते छह जून से पेट्रोल एवं डीजल के दाम में लगातार वृद्धि हो रही है। प्रयागराज में छह जून को पेट्रोल का रेट 73.95 रुपये लीटर था, जो शनिवार को बढ़कर 79.84 रुपये लीटर हो गया। यानी, पेट्रोल के दाम में दो सप्ताह के दौरान तकरीबन छह रुपये की वृद्धि हुई। इसी तरह छह जून को डीजल का दाम 63.89 रुपये लीटर था, जो अब 70.30 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है।
इस तरह से डीजल के दाम में भी 6.40 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हो चुकी है। वहीं, पिछले सप्ताह ही ट्रांसपोर्टरों ने संकेत दे दिए थे कि अगर इसी तरह दाम बढ़े तो उन्हें मजबूरी में मालभाड़ा बढ़ाना पड़ सकता है। सप्ताह भर तक डीजल के दाम बढ़ने के बाद शनिवार को ट्रांसपोर्टरों ने मालभाड़ा बढ़ाने का निर्णय ले लिया।
इलाहाबाद ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुशवाहा ने बताया कि एसोसिएशन को मजबूरी में भाड़ा बढ़ाना पड़ा। हालांकि, मालभाड़ा दस फीसदी तक ही बढ़ाया गया है। उधर, मिनी ट्रक ऑपरेटर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष परमानंद तिवारी उर्फ सोटा स्वामी ने बताया कि इस समय वैसे भी मालभाड़ा काफी कम है, लेकिन डीजल की बढ़ती कीमत की वजह से ही मालभाड़े में पांच से दस फीसदी तक की वृद्धि की गई है।
मिनी ट्रक का प्रयागराज से भाड़े की नई दर
कहां से कहां तक पहले अब
प्रयागराज से कानपुर 4000-4500 4500-5000
प्रयागराज से लखनऊ 4000-4500 4500-5000
प्रयागराज से बरेली 8500-9000 9000-9500
प्रयागराज से आगरा 8500-9000 9000-9500
प्रयागराज से गाजियाबाद 9000-9500 9500-10000
प्रयागराज से मेरठ 9000-9500 9500-10000
प्रयागराज से वाराणसी 3500-4000 4000-4500
बड़े ट्रक ( दस चक्का) का प्रयागराज से मालभाड़ा
प्रयागराज से कानपुर 13000-14000 14000-15000
प्रयागराज से लखनऊ 13000-14000 14000-15000
प्रयागराज से दिल्ली 25000-27000 26000-28000
प्रयागराज से वाराणसी 7000-8000 8000-9000
प्रयागराज से आगरा 16000-17000 17000-18000
जिला पंचायत की वसूली से खफा होकर ट्रांसपोर्टरों द्वारा खड़िया में हाईवे पर खड़े किए गए ट्रक।
तेल और दाल के दाम में हुई बढ़ोतरी
ट्रांसपोर्टरों द्वारा मालभाड़ा में की गई वृद्धि का साइड इफेक्ट बाजार में दिखना शुरू हो गया है। शनिवार को थोक बाजार में अरहर दाल, चीनी, रिफाइंड और सरसों के तेल के दाम में वृद्धि हो गई। हालांकि, गल्ला तिलहन के व्यापारी इस वृद्धि को अभी मालभाड़े से नहीं जोड़ रहे हैं।
उनका कहना है कि बीते दो-तीन दिन के दौरान आवक कम होने से दाम बढ़े हैं। सरसों का तेल फुटकर में 130-135 रुपये किलो हो गया है। सोयाबीन तेल रिफाइंड भी 120 से 130 रुपये में बिक रहा है। अनब्रांडेड खुला सरसों का तेज बाजार में 120 रुपये में मिल रहा है।
इलाहाबाद गल्ला तिलहन व्यापार मंडल के अध्यक्ष सतीश केसरवानी ने बताया कि अरहर दाल के दाम में थोक में दो रुपये किलो की वृद्धि हुई है। इसका दाम पहले 7600 से 8100 था, जो अब 8300 रुपये क्विंटल तक पहुंच गया है। इसी तरह सरसों का तेल जो पहले 1700 रुपये में एक टिन यानी की 15 किलो मिल रहा था, वह अब 1850 रुपये प्रति टिन हो गया है। चीनी 3500 से बढ़कर 3650 प्रति क्विंटल पहुंच गई है।
फुटकर में भी चीनी का दाम 42 रुपये किलो से ज्यादा हो गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि अभी बाजार में आटा, मैदा, सूजी आदि के दाम स्थिर है, लेकिन मालभाड़ा में हुई बढ़ोतरी के बाद इन सबके दाम भी आने वाले दिनों में बढ़ सकते हैं। सब्जियों के दाम भी इस सप्ताह बढ़ने की उम्मीद है।