नैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर रोड स्थित सब्जी मंडी के पास सामान सप्लाई करने आए सेल्समैन से शुक्रवार देर शाम डेढ़ लाख कि टप्पेबाजी हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टप्पेबाजों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे कि फुटेज को खांगला, लेकिन फुटेज में कुछ नहीं मिल सका। पीड़ित ने मामले कि लिखित शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, वीके एंड संस का सेल्समैन परवेज हसन शुक्रवार शाम को नैनी बाजार में सामान सप्लाई के लिए आया था। उसके साथ चालक अमरदीप भी था। दोनों अपनी मालवाहक सब्जी मंडी के पास खड़ी करके नैनी बाजार में सामान सप्लाई करने चले गए। सामान सप्लाई के बाद दुकानदारों से पैसे व चेक लेकर वह वापस सब्जी मंडी के पास पहुंचे थे कि तभी एक युवक ने बताया कि उसकी जैकेट में कुछ लगा हुआ है।
आरोप है कि वह बैग गाड़ी में रखकर जैकेट साफ करने लगा, इसी दौरान टप्पेबाजों ने गाड़ी के अंदर से पैसों से भरा बैग गायब कर दिया। सेल्समैन ने इसकी सूचना मालिक हर्षित अग्रवाल को दी। जानकारी पर मालिक व नैनी पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला लेकिन टप्पेबाजों का कुछ पता नहीं चल सका। एजेंसी मालिक ने मामले की लिखित शिकायत नैनी पुलिस से की है, पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।