आप क्यों हमें छोड़कर चले गए... आपसे फोन पर जब आखिरी बार सिलिंडर बुकिंग को लेकर बात हुई थी तो सब कुछ ठीक था, ऐसा क्या हुआ जो हम सबको छोड़कर चले गए पापा। पोस्टमार्टम के बाद इरफान के शव को देख बेटा आमिर फफक कर रो पड़ा।
आप क्यों हमें छोड़कर चले गए... आपसे फोन पर जब आखिरी बार सिलिंडर बुकिंग को लेकर बात हुई थी तो सब कुछ ठीक था, ऐसा क्या हुआ जो हम सबको छोड़कर चले गए पापा। पोस्टमार्टम के बाद इरफान के शव को देख बेटा आमिर फफक कर रो पड़ा। कहा कि गोली लगने के बाद पापा कुछ बताना चाह रहे थे, लेकिन दर्द और हालत बिगड़ने के कारण कुछ बोल नहीं सके।
विज्ञापन
आमिर ने नम आंखों से कहा कि मैं तो आखिरी बार पापा से मिल भी नहीं सका। जब घटना हुई तो वह हटिया में थे। तभी एक दोस्त का फोन आया और उसने कहा कि पापा को किसी ने गोली मार दी है। अस्पताल पहुंचा तो वह हम सब से बहुत दूर जा चुके थे। आमिर ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे पापा से मोबाइल फोन पर बात हुई थी। उन्होंने सिलिंडर बुकिंग के बारे में जानकारी दी और कहा कि जाकर ले लेना। इसके बाद सीधे मौत की खबर मिली। परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे ढांढ़स बंधाने की कोशिश की, लेकिन उसका दर्द कम नहीं हो सका।
आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
आमिर और उसके छोटे भाई फैसल ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कहा कि जिन लोगों ने पापा को मारा है, उन्हें भी ऐसी ही सजा मिलनी चाहिए। उन्हें उनके किए की सख्त सजा मिले तभी हमें इंसाफ मिलेगा।
विज्ञापन
सीने में फंसी थी गोली
प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद इरफान की मौत के बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि गोली सीने में फंसी थी, जिससे उनकी मौत हुई। वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।