सर्दी की छुट्टी में प्रयागराज के लोगों ने गोवा और केरल के टूर पैकेज की बुकिंग करवानी शुरू कर दी है। बर्फबारी के शौकीन लोग उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीद के टूर पैकेज बुक करा रहे हैं। अंडमान-निकोबार, कच्छ का रण भी पसंदीदा स्थल में शामिल हैं। एक अनुमान के मुताबिक, प्रयागराज के विभिन्न टूर ऑपरेटरों ने 400 से ज्यादा बुकिंग की है। यह आंकड़ा अभी और बढ़ेगा। सैर-सपाटे के लिए प्रयागराज की प्रमुख ट्रेवल एजेंसी के पास 30 हजार से दो लाख तक के पैकेज हैं। ट्रेवल्स एजेंसियों ने युगल के लिए विशेष पैकेज लांच भी लॉन्च किए हैं।
ट्रेवल्स एजेंसी संचालक राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि 15 दिसंबर तक गोवा, कच्छ, केरल और अंडमान-निकोबार आदि के प्रति कपल्स टूर पैकेज का रेट (पांच दिन, चार रात) 30 से 40 हजार का है। इसमें आने-जाने का किराया शामिल नहीं है। क्रिसमस और नए वर्ष पर ज्यादा भीड़ होने की वजह से यही पैकेज 50 से 60 हजार का हो गया है।
ट्रेवल्स एजेंसी संचालक प्रवीण श्रीवास्तव ने बताया कि सर्दी के मौसम में दक्षिण भारत की मांग भी बनी हुई है। इसके अलावा बर्फबारी देखने के लिए लोग पहलगाम, गुलमर्ग, श्रीनगर, मनाली, कुल्लू, धर्मशाला, शिमला, मंसूरी, गंगटोक और दार्जिलिंग का पैकेज बुक करवा रहे हैं। जिनका बजट ज्यादा है वह मालदीव, बाली, जकार्ता, हाॅन्गकाॅन्ग, मालदीव, बैंकाक, कोलंबो, दुबई, शारजाह आदि जगहों के लिए बुकिंग करवा रहे हैं।
शादियों का सीजन शुरू हो गया है। ऐसे में कपल पहले से हनीमून प्लानिंग करने लगते हैं, कुछ ऐसे भी होते हैं, जो शादी के बाद ही घूमने के बारे में सोचते हैं। इसकी वजह से बुकिंग सबसे ज्यादा हो रही है। क्रिसमस और नए वर्ष के पैकेज विमान किराया बढ़ने की वजह से कुछ महंगे हो जाते हैं। - संदीप मिश्रा, ट्रेवेल्स सेफ
वियतनाम, थाईलैंड, दुबई और मालदीव की भी मांग बढ़ी हुई है। कुछ लोगों ने बुकिंग भी करवाई है। अंडमान निकोबार के लिए कुछ वर्षों से प्रयागराज के लोगों में क्रेज बढ़ा है। गोवा और केरल पहले से ही लोगों के पसंदीदा स्थल हैं।
- विशाल कनौजिया, ईएमआई हॉलीडे