भूमि पूजन के बाद डॉ. राधाचार्या के शिविर का निर्माण आरंभ
श्रीराधा आध्यात्मिक सत्संग समिति की संस्थापक डॉ. राधाचार्या ने माघ मेला क्षेत्र के सेक्टर- दो स्थित संगम-अपर मार्ग पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सविधि भूमि पूजन किया। सुविधा पर्ची जारी होने के साथ ही शिविर का निर्माण आरंभ कर दिया गया। पूजा-अर्चना, हवन और भंडारा पांच जनवरी से शुरू होगा।
खाक चौक में भूमि आवंटन पर संतों का विवाद सीएम तक पहुंचा
माघ मेला बसाने से पहले खाक चौक में भूमि आवंटन में गड़बड़ी का मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंच गया है। 271 मुकामधारियों की जगह तीन सौ से अधिक संतों को भूमि आवंटित किए जाने के बाद भी अभी कई बाबाओं को जमीन नहीं मिल सकी है। इसी सीएम से शिकायत के बाद बुधवार को खाक चौक के एक गुट के अध्यक्ष सीतारामदास के नेतृत्व में कई संत मेला दफ्तर पहुंचे। वहां मेलाधिकारी ने जांच कराकर गड़बड़ी सुधारने का भरोसा दिलाया।
खाक चौक व्यवस्था समिति के एक गुट के अध्यक्ष महामंडलेश्वर सीतारामदास त्यागी, बृजमोहन दास उर्फ बंशी बाबा सहित दर्जनों संतों की देर शाम मेला कार्यालय में हुई बैठक में प्रशासन ने गड़बड़ी सुधारने का भरोसा दिलाया। मेलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने बृहस्पतिवार को पैमाइश कराकर गड़बड़ी दूर कराने की बात कही। उधर, सीताराम दास ने गड़बड़ी के लिए मेला अफसरों को जिम्मेदार ठहराया। इस मौके पर जंगल महराज, स्वामी रामेश्वर दास सहित कई संतों का कहना था कि अगर विवाद नहीं सुलझा तो वह दोबारा सीएम योगी और मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र से मिलकर मेला प्रशासन के रवैये से अवगत कराएंगे।