लॉकडाउन और फिर अनलॉक शुरू होने के बाद यूपी रोडवेज ने अब यात्री सुविधा पर जोर देना शुरू किया है । एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन की तर्ज पर रोडवेज के प्रयागराज रीजन में बस स्टेशन पर बेबी केयर सेंटर की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू की गई है। प्रयागराज परिक्षेत्र के पांच बस स्टेशनों पर ऐसे केयर सेंटर बनाए जाएंगे।
दरअसल रोडवेज बस स्टेशन पर लंबे समय से बेबी केयर सेंटर की जरूरत महसूस की जा रही थी। लॉकडाउन के पूर्व लखनऊ के आलमबाग समेत प्रदेश के कई चुनिंदा बस स्टेशनों पर इसका निर्माण कार्य आरंभ किया गया था। इन केयर सेंटर्स में महिलाएं जहां एक ओर अपने बच्चे को दूध पिला सकेंगी।
वही बच्चों के डायपर आदि चेंज करने के लिए उन्हें एकांत में सुविधा मिलेगी। प्रयागराज रीजन के सिविल लाइंस बस स्टेशन, जीरो रोड बस स्टेशन, प्रतापगढ़ बस स्टेशन ,मिर्जापुर बस स्टेशन और विंध्याचल बस स्टेशन पर महिलाओं को बेबी केयर सेंटर की सुविधाएं दी जाएंगी।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक टीके बिसेन ने बताया कि प्रबंध निदेशक डॉ. राजशेखर के निर्देश पर बेबी केयर सेंटर का निर्माण शुरू कराया गया है। इसमें से प्रयागराज के सिविल लाइंस बस स्टेशन और प्रतापगढ़ बस स्टेशन पर बेबी केयर सेंटर तकरीबन तैयार है। जल्द ही मिर्जापुर विंध्याचल और जीरो रोड बस स्टेशनों पर इसे तैयार कर लिया जाएगा।