अग्निशमन अधिकारी ने साउथ मलाका क्षेत्र में होटलों/गेस्टहाउस की सघन अभियान चलाकर चेकिंग की।
- फोटो : अमर उजाला।
दिल्ली में हुए आग हादसे के बाद प्रयागराज अग्निशमन विभाग भी जाग गया है। बृहस्पतिवार को विभाग की टीम ने विशेष अभियान चलाकर शहर के 18 होटलों में आग से बचाव के लिए जांच पड़ताल की। इस दौरान सुरक्षा उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों और अग्निशमन व्यवस्था के इंतजाम परखे गए। वहीं खामियां पाए जाने पर सख्त चेतावनी दी गई। अग्निशमन विभाग ने होटलों में कार्यरत करीब 40 कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों का प्रशिक्षण भी दिया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी चंद्र मोहन शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में सदर तहसील क्षेत्र के रामबाग और शिवचरण रोड स्थित प्रमुख होटलों का निरीक्षण किया गया। टीम ने होटल सुखधाम, होटल मंदिरम, होटल कावेरी, होटल क्राॅउन पैलेस, होटल अनुराग और होटल न्यू शांति में फायर सेफ्टी मानकों का परीक्षण किया। कर्मचारियों को अग्निशमन यंत्रों के संचालन, धुएं से प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया तरीके बताए गए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी चंद्र मोहन शर्मा ने बताया कि विशेष चेकिंग अभियान के तहत गंगापार क्षेत्र में चार और यमुनापार क्षेत्र में आठ होटलों की फायर ऑडिट की गई। इस तरह कुल 18 होटलों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई।
फायर विभाग की जांच में क्या देखा गया
- अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और कार्यशीलता
- होटलों में आपातकालीन निकास
- होटल परिसर व कमरे में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था
- फायर अलार्म और चेतावनी प्रणाली
- पानी और फायर फाइटिंग सिस्टम की स्थिति
- कर्मचारियों की आपदा प्रबंधन संबंधी तैयारी
- आग लगने पर रेस्क्यू और निकासी की व्यवस्था