प्रयागराज से झांसी एवं चित्रकूट के लिए 20 सीट वाले छोटे विमान का संचालन इसी वर्ष शुरू हो जाएगा। उड्डयन मंत्रालय ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। झांसी और चित्रकूट में बनाई जा रही हवाई पट्टी का निर्माण पूरा होते ही 20 सीट वाले छोटे विमान का संचालन शुरू हो जाएगा।
इस संबंध में शनिवार को सूबे के उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने अफसरों के साथ चित्रकूट हवाई पट्टी का जायजा भी लिया। बता दें कि चित्रकूट में हवाई पट्टी का निर्माण कार्य की मॉनीटरिंगराज्य सरकार के साथ ही प्रयागराज एयरपोर्ट के निदेशक सुनील यादव भी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव सुरेंद्र सिंह भी कैबिनेट मंत्री के साथ चित्रकूट पहुंचे।
कैबिनेट मंत्री नंदी ने बताया कि हवाई पट्टी विस्तारीकरण में 2500 मीटर रनवे में से 1650 मीटर पर मिट्टी का कार्य पूण हो चुका है। मिट्टी कार्य के ऊपर जीएसबी लेयर का 1600 मीटर में कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इसके अलावा जीएसबी लेयर के ऊपर डब्ल्यूएमएम लेयर का 1200 मीटर कार्य किया गया।
एयरपोट अथॉरिटी के अफसरों ने एप्रन का 90 फीसदी कार्य पूर्ण होने की बात बताई। प्रयागराज एयरपोर्ट के निदेशक सुनील यादव ने बताया कि इस वर्ष के अंत तक प्रयागराज से चित्रकूट और झांसी के बीच 20 सीट वाले विमान चलाने की योजना है। उधर उड्डयन मंत्री ने बताया कि चित्रकूट का एतिहासिक महत्व है। प्रयागराज के अलावा लखनऊ एवं प्रदेश के अन्य मंडल मुख्यालयों को जोड़ने के लिए भी 20 सीट वाले विमान चलाने की योजना है।
हवाई पट्टी