नगर निगम के जोन संख्या छह के राजस्व निरीक्षक को विजिलेंस टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा।
- फोटो : अमर उजाला।
नगर निगम जोन-छह के राजस्व निरीक्षक (टैक्स कलेक्टर) अनूप चंद मिश्र को विजिलेंस की टीम ने बुधवार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इन पर रजिस्ट्री नामांतरण की फाइल को पास करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। बृहस्पतिवार आरोपी को पुलिस न्यायालय के समक्ष पेश करेगी।
कौशाम्बी चरवा के गांव धमसेड़ा निवासी राजकुमार यादव ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक विजिलेंस से शिकायत की। राजकुमार का आरोप था कि माता के नाम कराई गई धूमनगंज ग्यासुउद्दीनपुर की संपत्ति की रजिस्ट्री के नामांतरण की पत्रावली कर अधीक्षक नगर निगम कर कार्यालय में जमा की गई थी। जब फाइल जोन छह के क्षेत्र खुल्दाबाद में तैनात राजस्व निरीक्षक अनूप चंद मिश्र के पास पहुंची तो उसने रिपोर्ट लगाने के लिए 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। शिकायत पर विजिलेंस की टीम ने मामले की जांच कर योजना तैयार की। बुधवार दोपहर धूमनगंज के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होंडा शोरूम के पास से जैसे ही रिश्वत की रकम ली तो विजिलेंस टीम की टीम ने आरोपी को धर दबोचा।
कार्यालय में तैनात अन्य की भूमिका पर भी जांच
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस की टीम कार्यालय में तैनात अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है। वहीं विजिलेंस के अफसरो ने अपील की है कि यदि सरकारी अधिकारी/कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो तत्काल हेल्प लाइन नंबर 9454404859 व सतर्कता मुख्यालय का हेल्प लाइन नंबर-9454401866 पर संपर्क करें। शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।