फाफामऊ थाना क्षेत्र की युवती का गर्भपात कराने का मामला उजागर होने पर पुलिस ने प्रेमी व दो चिकित्सकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। प्रेमी पर आरोप है कि उसने चिकित्सकों से युवती का गर्भपात करा दिया।
फाफामऊ थाना क्षेत्र की युवती का गर्भपात कराने का मामला उजागर होने पर पुलिस ने प्रेमी व दो चिकित्सकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। प्रेमी पर आरोप है कि उसने चिकित्सकों से युवती का गर्भपात करा दिया। मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फाफामऊ थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक ने पुलिस को बताया कि नवाबगंज थाना क्षेत्र निवासी युवक का घर में आना-जाना था। इस दौरान उसकी 21 वर्षीय बहन से दोस्ती हो गई।
विज्ञापन
10 फरवरी को बहन के पेट में अचानक दर्द हुआ। बहन ने इसकी जानकारी फोन पर युवक को दी। उसने बहन को मां के साथ सोरांव बुलाया और कहा कि वह कई डॉक्टरों को जानता है।दोपहर करीब 11 बजे मां बहन को लेकर सोरांव गईं। इसके बाद मां और बहन को युवक होलागढ़ स्थित एक क्लीनिक पर ले गया। आरोप है कि यहां पर दो चिकित्सक मिले, जिन्होंने जांच करके बताया कि दवा दे रहे हैं, जल्द ही बहन ठीक हो जाएगी।
आरोप है कि चिकित्सकों व युवक ने मिलकर बहन को दवा खिला दी। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद बहन को मां और आरोपी युवक सोरांव के एक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसका गर्भपात कराया गया है। बताया कि हालत अत्यधिक गंभीर है और उसे तुरंत शहर के अस्पताल ले जाने को कहा। तब मां ने बहन को शहर के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। फाफामऊ थाना प्रभारी अश्वनी कुमार सिंह ने बताया कि भाई की तहरीर पर प्रेमी और दो निजी चिकित्सकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।